उत्तराखंड: पौड़ी में खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से परिवार के पांच…
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे कुंडधार के पास हुआ। देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि एक वाहन सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा है, जिसके बाद पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
लक्सर का रहने वाला था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित जीतपुर रायपुर के निवासी थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। वे सभी पौड़ी की ओर जा रहे थे, जब कुंडधार के पास उनकी कार पर से चालक का नियंत्रण खो गया और यह भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे में घायल हुए एक बच्चे को SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर बेस अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित उपचार के निर्देश
इस दर्दनाक घटना पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, "पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।" मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायल के समुचित और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाए। सीएम धामी ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति देने की प्रार्थना की।
इनपुट: IANS



