भारत की मदद से फ़िलिस्तीन में बनेगा 'इंडिया हॉस्पिटल', राजदूत ने कहा- रिश्ते हो रहे हैं मजबूत
भारत और फ़िलिस्तीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को एक नई मजबूती मिली है। जल्द ही फ़िलिस्तीन के वेस्ट बैंक में 'इंडिया हॉस्पिटल' का निर्माण शुरू होगा, जिसकी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं…
भारत और फ़िलिस्तीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को एक नई मजबूती मिली है। जल्द ही फ़िलिस्तीन के वेस्ट बैंक में 'इंडिया हॉस्पिटल' का निर्माण शुरू होगा, जिसकी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। समाचार एजेंसी IANS से विशेष बातचीत में भारत में फ़िलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घोषणा विदेश मंत्रालय में सचिव (काउंसलर, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीय मामले) श्रीप्रिया रंगनाथन के हालिया फ़िलिस्तीन दौरे के बाद हुई है। राजदूत शावेश ने बताया, "भारत की वरिष्ठ दूत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री के साथ कई बैठकें कीं। और उन्होंने वेस्ट बैंक में एक अस्पताल 'इंडिया हॉस्पिटल' बनाने और शुरू करने के लिए औपचारिकताएं पूरी कीं। कागजात पर हस्ताक्षर किए। और सिर्फ एक ही नहीं, बल्कि कई प्रोजेक्ट्स हैं जिन पर उन्होंने हस्ताक्षर किए हैं।" उन्होंने इस दौरे को दोनों देशों के बीच रिश्तों को आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
भारत का सहयोग और फ़िलिस्तीन की स्वास्थ्य-व्यवस्था
राजदूत शावेश ने फ़िलिस्तीन की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए भारत से मिल रही मदद को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "करीब दो महीने पहले मैंने कहा था कि फ़िलिस्तीन का हेल्थ सेक्टर बर्बाद होने की कगार पर है।" उन्होंने बताया कि भारत से दवाइयां और मेडिकल सप्लाई की खेप जल्द ही फ़िलिस्तीन पहुंचेगी। इसके अलावा भारत फ़िलिस्तीन को डायलिसिस मशीन और कृत्रिम अंग प्रोजेक्ट में भी सहायता प्रदान करेगा।
भारत ने दोहराया 'टू-नेशन सॉल्यूशन' का समर्थन
अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान, सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने रामल्लाह में फ़िलिस्तीन की विदेश और प्रवासी मामलों की मंत्री वारसनेन अगाबेकियान शाहीन से मुलाकात की। इस बैठक में भारत ने बातचीत के जरिए 'टू-नेशन सॉल्यूशन' के लिए अपने लंबे समय से चले आ रहे समर्थन को फिर से दोहराया। रामल्लाह स्थित भारत के प्रतिनिधि कार्यालय ने भी एक्स पर एक पोस्ट में इसकी पुष्टि की। साथ ही, गाजा की गंभीर मानवीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए आम नागरिकों तक निर्बाध सहायता पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील
राजदूत शावेश ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी फ़िलिस्तीन की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया, जो उनके अनुसार "अस्तित्व के खतरे" का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह पूछने के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए कि फ़िलिस्तीनी समुदाय के साथ क्या हुआ। कार्रवाई अभी की जानी चाहिए।" उन्होंने इजरायली बस्तियों के विस्तार और जबरन विस्थापन को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इनपुट: IANS



