श्रीलंका में चीनी मुद्रा RMB में व्यापार होगा आसान, बैंक ऑफ चाइना ने शुरू किया क्लियरिंग बैंक
श्रीलंका और चीन के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूती देते हुए कोलंबो में चीनी मुद्रा रनमिनबी (RMB) के लिए एक क्लियरिंग बैंक की शुरुआत की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की कंपनियों के…
श्रीलंका और चीन के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूती देते हुए कोलंबो में चीनी मुद्रा रनमिनबी (RMB) के लिए एक क्लियरिंग बैंक की शुरुआत की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की कंपनियों के बीच लेन-देन को सुगम बनाना और द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ऑफ चाइना की ओर से आयोजित इस अनावरण समारोह में श्रीलंकाई सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और दोनों देशों के व्यापारिक जगत के 200 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस मौके पर श्रीलंका के श्रम मंत्री और वित्त उप मंत्री अनिल जयन्त फर्नांडो भी मौजूद थे। श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के उप गवर्नर सिरिकुमारा ने इस कदम को बेहद अहम बताते हुए कहा, "चीन, श्रीलंका का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार है। आरएमबी में लेन-देन और भुगतान की सुविधा मिलने से श्रीलंका के स्थानीय उद्यमों और चीनी कंपनियों के बीच व्यापार करना आसान होगा।" उन्होंने विश्वास जताया कि इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों और निवेश सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
द्विपक्षीय सहयोग में एक नया अध्याय
श्रीलंका में चीन के राजदूत वेई हुआश्यांग ने इस घटना को दोनों देशों के साझा भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने याद दिलाया कि चीन और श्रीलंका के केंद्रीय बैंकों ने 2025 की शुरुआत में 10 अरब युआन के द्विपक्षीय स्थानीय मुद्रा विनिमय समझौते का नवीनीकरण किया था, जिसने वित्तीय सहयोग के लिए एक मजबूत आधार प्रदान किया। राजदूत के अनुसार, "यह श्रीलंका की आर्थिक बहाली के लिए चीन के मजबूत समर्थन को दर्शाता है।"
बैंक ऑफ चाइना के अध्यक्ष चांग हुई ने कहा कि उनका बैंक श्रीलंका में कारोबार करने वाली एकमात्र चीनी वित्तीय संस्था है और दोनों देशों के बीच मजबूत होते सहयोग का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ चाइना की कोलंबो शाखा को आरएमबी क्लियरिंग बैंक के रूप में नियुक्त किए जाने से "चीन और श्रीलंका के आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को भी नई गति मिलेगी।"
इनपुट: IANS



