वाराणसी: पैंट में पेशाब करने पर बच्चे को गर्म चाकू से दागा? मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक 5 वर्षीय बच्चे के साथ कथित तौर पर हुई क्रूरता का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इसका स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट पर…
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक 5 वर्षीय बच्चे के साथ कथित तौर पर हुई क्रूरता का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इसका स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए इस घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन माना है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और वाराणसी के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट में पीड़ित बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति का पूरा ब्योरा भी शामिल करने को कहा गया है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि वाराणसी के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले पांच साल के बच्चे ने अपनी पैंट में पेशाब कर दिया था। इससे नाराज़ होकर एक शिक्षक उसे स्कूल की रसोई में ले गया और कथित रूप से गर्म चाकू से उसके निजी अंग को दाग दिया। इस घटना के कारण बच्चा शारीरिक और मानसिक रूप से गंभीर सदमे में है।
यह मामला तब खुला जब बच्चा स्कूल से घर लौटा और उसने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। बच्चे ने यह भी बताया कि शिक्षक ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने यह गलती दोबारा की तो उसे इससे भी कड़ी सज़ा दी जाएगी।
आयोग ने जताई चिंता
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में किए गए दावे सही पाए जाते हैं, तो यह मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन का मामला है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की पूरी जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है, जिसमें बच्चे के इलाज की जानकारी भी शामिल हो।
इनपुट: IANS



