नेपाल बाढ़ त्रासदी: शवों की पहचान और हस्तांतरण के लिए डीएनए जांच अनिवार्य, नई गाइडलाइन जारी
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में मारे गए विदेशी नागरिकों के शवों को उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, नेपाली अधिकारियों ने स्पष्ट…
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में मारे गए विदेशी नागरिकों के शवों को उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, नेपाली अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शव को सौंपने से पहले उसकी पहचान के लिए दस्तावेजीकरण, पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच सहित कई औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करना अनिवार्य होगा।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने 29 अगस्त की प्रेस विज्ञप्ति के बाद यह नया अपडेट जारी किया है। इसके मुताबिक, अगर कोई परिजन नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर जारी तस्वीरों और विवरणों के आधार पर किसी शव की पहचान कर लेता है, तो भारतीय दूतावास शव को वापस भेजने की प्रक्रिया में स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में पूरी सहायता करेगा।
शवों की पहचान और डीएनए जांच
नेपाल सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचने के लिए बड़ी संख्या में शवों को अस्थायी रूप से दफना दिया है। इन शवों की पहचान के लिए अब डीएनए मिलान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जिन मामलों में पहचान संभव नहीं है या शवों को अस्थायी रूप से दफनाया गया है, वहां नेपाल सरकार डीएनए मिलान की सुविधा देगी।
इसके लिए नेपाली अधिकारी शवों से डीएनए सैंपल एकत्र कर रहे हैं। मृतक के करीबी रिश्तेदारों (माता-पिता, बच्चे या भाई-बहन) को डीएनए प्रोफाइल का मिलान करने के लिए या तो ईमेल के जरिए अपनी प्रोफाइल भेजनी होगी या फिर मांगी गई जानकारी के साथ ब्लड सैंपल देना होगा।
पूरी करनी होगी यह प्रक्रिया
नेपाल सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत, शव सौंपने से पहले कई कदम उठाए जाएंगे। इनमें पार्थिव अवशेषों से जुड़े सभी दस्तावेज़ तैयार करना, पोस्टमॉर्टम जांच के माध्यम से मौत के कारण का सत्यापन, फिंगरप्रिंट या डीएनए सैंपल इकट्ठा करना और मृतक के पासपोर्ट या आईडी का सत्यापन शामिल है। दूतावास के साथ समन्वय पूरा होने और दस्तावेजी प्रक्रिया के बाद ही शव संबंधित पक्ष को सौंपा जाएगा।
सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए करीबी रिश्तेदारों से डीएनए प्रोफाइल की एक प्रति 'eoi.kathmandufloodsupport@gmail.com' पर भेजने का आग्रह किया है। डीएनए प्रोफाइलिंग से जुड़ी अन्य जानकारी नेपाल पुलिस की वेबसाइट 'www.nepalpolice.gov.np' और उनके हेल्पलाइन नंबर 9779841616095 पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, काठमांडू में भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर 9779851316807, 9779709107500, और 9779810326117 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
इनपुट: IANS



