शेनझेन में पहली बार मिलेंगे शी, ट्रंप और पुतिन, चीन ने 19 नवंबर को बैठक की पुष्टि की
दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता पहली बार एक साथ एक मंच पर होंगे। चीन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति…
दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता पहली बार एक साथ एक मंच पर होंगे। चीन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 19 नवंबर को एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह ऐतिहासिक बैठक चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में आयोजित की जाएगी।
यह अहम मुलाक़ात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हो रही है। चीनी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "19 नवंबर को, राष्ट्रपति शी जिनपिंग शेनझेन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के साथ चीन-रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन आयोजित करेंगे।" इससे पहले व्हाइट हाउस ने भी इस बैठक की योजना का ज़िक्र किया था, लेकिन तारीख़ की घोषणा नहीं की थी।
बैठक का एजेंडा और अमेरिका का रुख
अमेरिका पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि राष्ट्रपति ट्रंप इस बैठक में किन मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पत्रकारों को बताया कि ट्रंप परमाणु हथियारों में कटौती और ईरान युद्ध का मुद्दा उठाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यूक्रेन युद्ध पर चर्चा होने की संभावना नहीं है।
वेल्स ने कहा, "राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि वह दुनिया में परमाणु हथियारों को कम करने समेत कई मुद्दों पर बात करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का फैलना बहुत खतरनाक है।" उन्होंने यह भी बताया कि ट्रंप अपनी इस यात्रा का समापन चीन और रूस के राष्ट्रपतियों के साथ बैठक करके करेंगे।
ट्रंप का चीन दौरा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बुधवार, 18 नवंबर की देर रात शेनझेन पहुंचेंगे। यहां वह 21 सदस्य देशों के दो-दिवसीय एपेक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 2025 में दोबारा अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह चौथी बार होगा जब ट्रंप और शी जिनपिंग एक-दूसरे से मिलेंगे।
इनपुट: IANS



