भारतीय नौसेना और वायुसेना का संयुक्त अभियान, 48 घंटे में समुद्री लुटेरों से 20 लोगों को छुड़ाया
भारतीय नौसेना ने भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर सोमालिया के तट पर एक बड़े समुद्री डकैती रोधी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। 48 घंटे से अधिक समय तक चली इस सुनियोजित कार्रवाई में समुद्री लुटेरों…
भारतीय नौसेना ने भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर सोमालिया के तट पर एक बड़े समुद्री डकैती रोधी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। 48 घंटे से अधिक समय तक चली इस सुनियोजित कार्रवाई में समुद्री लुटेरों द्वारा अगवा किए गए मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को मुक्त करा लिया गया। जहाज पर सवार सभी 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और इस ऑपरेशन में किसी को कोई चोट नहीं आई।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पिछले महीने तब शुरू हुई जब हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास जहाज ‘अजिनी’ का अपहरण कर लिया था। इसे एक गंभीर खतरा माना जा रहा था, क्योंकि आशंका थी कि लुटेरे इस जहाज को एक बड़े ‘मदर शिप’ के रूप में इस्तेमाल कर अन्य व्यावसायिक जहाजों पर हमले कर सकते हैं।
समुद्र में 48 घंटे का ऑपरेशन
इस खतरे को देखते हुए भारतीय नौसेना ने तत्काल एक युद्धपोत और एक समुद्री निगरानी विमान को मिशन पर भेजा। लगातार निगरानी के बाद अगवा किए गए जहाज का पता लगाया गया और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी गई। लुटेरों को भागने से रोकने के लिए गैर-घातक उपायों का इस्तेमाल किया गया।
अभियान के निर्णायक चरण में भारतीय वायुसेना का C-17 विमान भी शामिल हुआ। इस विमान के ज़रिए सटीक हवाई आपूर्ति द्वारा नौसेना के मरीन कमांडो को ऑपरेशन स्थल पर उतारा गया। कमांडो ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हथियारबंद लुटेरों के खतरे को समाप्त किया और जहाज को अपने नियंत्रण में ले लिया। यह पूरा अभियान 2 नवंबर को मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर अरब सागर में संचालित किया गया।
रक्षा मंत्री ने की सराहना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल अभियान के लिए भारतीय नौसेना को बधाई दी है। उन्होंने कहा, "नौसेना ने भारतीय वायुसेना के समय पर मिले सहयोग के साथ बेहद सुनियोजित तरीके से इस अभियान को अंजाम दिया।" उन्होंने यह भी कहा कि यह सफलता नौसेना की उच्च परिचालन क्षमता और किसी भी समुद्री खतरे का निर्णायक जवाब देने की तैयारी को दर्शाती है।
इस अभियान ने भारतीय नौसेना और वायुसेना के बीच बेहतरीन तालमेल का भी प्रदर्शन किया है। नौसेना ने एक बार फिर हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री यात्रियों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्गों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
इनपुट: IANS



