NCP के दो गुटों के विलय की अटकलों पर सुप्रिया सुले ने लगाया विराम, कहा - 'अब कोई चर्चा नहीं'
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने पूर्णविराम लगा दिया है। उन्होंने शनिवार को साफ किया कि जब तक अजित पवार पार्टी में थे, तब विलय…
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने पूर्णविराम लगा दिया है। उन्होंने शनिवार को साफ किया कि जब तक अजित पवार पार्टी में थे, तब विलय पर बात हुई थी, लेकिन उनके जाने के बाद यह विषय समाप्त हो चुका है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सुले ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी स्पष्ट किया कि अजित पवार गुट की तरफ से उन्हें इस संबंध में कोई संदेश नहीं मिला है।
सुप्रिया सुले ने कहा, "मैं एक बार और हमेशा के लिए यह साफ कर देना चाहती हूं कि मेरे भाई (अजित पवार) से बातचीत चल रही थी। जब तक अजीत पवार थे, गठबंधन पर चर्चा चल रही थी और तारीख तय थी। जब भाई इस दुनिया से चले गए हैं, उसके बाद से हमारी तरफ से इस विषय पर पूर्णविराम लग गया है।" उन्होंने यह भी कहा कि अब विलय को लेकर दोबारा कोई चर्चा नहीं होगी।
पारिवारिक संबंध और राजनीतिक स्थिति
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पारिवारिक संबंधों पर सुले ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल के साथ उनके परिवार के अच्छे संबंध हैं और मुलाकातें होती रहती हैं। उन्होंने एनडीए में शामिल होने की किसी भी संभावना से इनकार किया। सुले ने कहा, "एनडीए में भी जाने की कोई बातचीत नहीं है। हमने कई बार अरुण जेटली और सुषमा स्वराज की तारीफ की। पहलगाम के समय शरद पवार ने पहले सरकार का समर्थन किया। 2023 में जो हुआ वो हुआ लेकिन हम सभी के पारिवारिक संबंध तब भी थे और आज भी हैं।"
उन्होंने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी राय रखने का अधिकार है और राजनीति में इस तरह की चर्चाएं होती रहती हैं। सुले ने कहा, "मुझे अजित पवार गुट की ओर से कोई कॉल, संदेश या व्हाट्सएप नहीं मिला है।"
इनपुट: IANS



