NALCO में मेडिकल ऑफिसर और स्पेशलिस्ट बनने का मौका, 17 अगस्त है आवेदन की आखिरी तारीख
अगर आपके पास मेडिकल डिग्री है और आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। नाल्को ने मेडिकल ऑफिसर और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के कई…
अगर आपके पास मेडिकल डिग्री है और आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। नाल्को ने मेडिकल ऑफिसर और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के कई पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, लेकिन आवेदन करने के लिए अब कुछ ही दिन बचे हैं।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 17 अगस्त, शाम 6 बजे तक है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार नाल्को की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र भर सकते हैं।
किन पदों पर कितनी भर्तियाँ
नाल्को द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल छह पदों पर भर्तियाँ की जाएँगी। इनमें मेडिकल ऑफिसर (E02 ग्रेड) के 2 पद शामिल हैं। इसके अलावा, स्पेशलिस्ट के चार पद हैं, जिनमें E02 ग्रेड में ऑर्थोपेडिक और रेडियोलॉजी का एक-एक पद तथा E03 ग्रेड में ऑप्थल्मोलॉजी और रेडियोलॉजी का एक-एक पद शामिल है।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
मेडिकल ऑफिसर: इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, सरकारी या किसी प्रतिष्ठित अस्पताल में डॉक्टर के रूप में न्यूनतम चार साल का अनुभव आवश्यक है। इंडस्ट्रियल हेल्थ में पीजी सर्टिफिकेट रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्पेशलिस्ट: स्पेशलिस्ट पद के लिए संबंधित विषय में MD/MS या मान्यता प्राप्त पोस्ट-MBBS डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके अलावा, स्पेशलिस्ट डॉक्टर के तौर पर सरकारी/पीएसयू या प्रतिष्ठित अस्पताल में तीन साल का कार्य अनुभव माँगा गया है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु 35 से 38 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि (17 अगस्त) के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज़ सत्यापन, व्यक्तिगत साक्षात्कार और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगा। चयनित होने पर वेतन 70,000 रुपये से लेकर 2,20,000 रुपये प्रति माह के बीच होगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे।
इनपुट: IANS



