टाइगर श्रॉफ फायरिंग: बाइक, लोकल, कैब... कैसे फिल्मी अंदाज़ में मुंबई से कोटा भागे थे आरोपी?
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने और वाहन बदलते रहे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने और वाहन बदलते रहे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है कि आरोपियों ने बाइक से लेकर लोकल ट्रेन, कैब और फिर लंबी दूरी की ट्रेन का इस्तेमाल कर मुंबई से कोटा तक का सफर तय किया।
मुंबई पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी सबसे पहले बाइक से अंधेरी रेलवे स्टेशन गए। वहां से उन्होंने बोरीवली के लिए एक लोकल ट्रेन पकड़ी। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उनकी योजना का अगला चरण एक कैब का इस्तेमाल करना था, जिसके जरिए वे मुंबई से सीधे गुजरात के सूरत शहर पहुंच गए।
योजना में बदलाव और कोटा तक का सफर
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की शुरुआती योजना सूरत से राज्य परिवहन (ST) की बस पकड़कर आगे जाने की थी। हालांकि, रास्ते को लेकर भ्रम की स्थिति बनने पर उन्होंने आनन-फानन में अपनी योजना बदल दी। इसके बाद तीनों सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से कोटा जाने वाली एक ट्रेन में सवार हो गए। इस तरह वे पुलिस की नजरों से बचते हुए राजस्थान पहुंचने में कामयाब रहे।
कोटा पुलिस को मिली सफलता
मुंबई पुलिस से मिले सटीक इनपुट के आधार पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन से ही दबोच लिया। इस सफल ऑपरेशन के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और उनकी टीम को फोन पर बधाई दी है।
एसपी तेजस्विनी गौतम ने इस ऑपरेशन को बेहद चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा, "कोटा पुलिस और मुंबई पुलिस ने जिस तत्परता और रिस्पॉन्स टाइम के साथ कार्रवाई की, वह सराहनीय है।" उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की है। एसपी के मुताबिक, इस गोपनीय ऑपरेशन में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने के लिए एक प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय (PHQ) को भेजा जाएगा।
इनपुट: IANS



