टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: रामदास आठवले बोले- 'मुंबई में ऐसे हमले ठीक नहीं, बिश्नोई गैंग पर हो कार्रवाई'
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने चिंता जताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे शहर में इस तरह की घटनाएं होना ठीक…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने चिंता जताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे शहर में इस तरह की घटनाएं होना ठीक नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए आठवले ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया, "टाइगर श्रॉफ एक अभिनेता हैं। जब वे फुटबॉल खेलने गए थे, तब तीन अज्ञात लोग आए और उनकी गाड़ी पर गोली चला दी।" उन्होंने पुष्टि की कि अभिनेता पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि उनके ड्राइवर को थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन वह भी खतरे से बाहर हैं।
सरकार का सख्त कार्रवाई का वादा
केंद्रीय मंत्री ने सरकार की तरफ से आश्वासन देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने इस मामले में आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा, "जिन्होंने भी ऐसा हमला किया है, वे जरूर पकड़े जाएंगे, यह हमारी सरकार का वादा है।" आठवले के मुताबिक, मुंबई पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर उन्हें बड़ी से बड़ी सजा दिलाने का काम करेगी। उन्होंने इस मुद्दे का राजनीतिकरण न करने की भी अपील की।
बिश्नोई गैंग पर शक
रामदास आठवले ने हमले के पीछे बिश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा, "बिश्नोई गैंग लगातार इस तरह के हमले कर रहा है। भले ही बिश्नोई जेल के अंदर है, लेकिन उसके साथियों ने उन पर हमला किया, क्योंकि वे सलमान खान की फिल्मों में काम करते हैं।" उन्होंने इस तर्क को गलत बताते हुए कहा कि सलमान खान एक बड़े अभिनेता हैं और इस तरह के हमले पूरी तरह अनुचित हैं।
इस बीच, भाजपा नेता राम कदम ने भी हमले की निंदा की। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से बात कर हमलावरों को तुरंत पकड़ने का निर्देश दिया है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना के बाद टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उन्हें भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने का भरोसा दिलाया।
इनपुट: IANS



