मणिपुर: सेना ने हफ्ते भर चले अभियान में 21 घातक हथियार बरामद किए, NIA का वॉन्टेड उग्रवादी समेत 4 गिरफ्तार
मणिपुर में शांति बहाली के प्रयासों के तहत भारतीय सेना ने विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक सप्ताह तक चले इस खुफिया…
मणिपुर में शांति बहाली के प्रयासों के तहत भारतीय सेना ने विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक सप्ताह तक चले इस खुफिया सूचना-आधारित संयुक्त अभियान में 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई सेना की स्पीयर कोर ने केंद्रीय सुरक्षा बलों और स्थानीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर की। गिरफ्तार किए गए चार लोगों में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का एक सक्रिय कैडर भी शामिल है, जिसकी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को तलाश थी।
कई जिलों में एक साथ चले ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने यह समन्वित अभियान राज्य के तेंगनौपाल, चुराचांदपुर, थोउबल और काकचिंग जिलों में चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने इसे राज्य में हिंसक और सशस्त्र गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अभियान के दौरान कुल 21 घातक हथियार, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्धक सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा बलों का मानना है कि इस तरह के अभियानों से अवैध हथियारों की मौजूदगी और सशस्त्र संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ में उनके नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
इनपुट: IANS



