महाराष्ट्र में सूखे का संकट: NCP सांसद सुनील तटकरे ने PM मोदी से मिलकर मांगी केंद्रीय मदद
महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर होती स्थिति को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर होती स्थिति को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को हुई इस बैठक में तटकरे ने राज्य के सूखा प्रभावित इलाकों के लिए केंद्र सरकार से तत्काल सहायता मुहैया कराने का आग्रह किया।
सुनील तटकरे ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के कई हिस्से सूखे की चपेट में हैं, जिससे किसानों और ग्रामीण आबादी के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष राज्य की मौजूदा स्थिति को रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों को राहत देने के लिए जरूरी मदद की मांग की। तटकरे ने कहा कि वह राज्य की जनता को आवश्यक सहायता दिलाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
रायगढ़ के विकास का भी उठाया मुद्दा
सूखे पर चर्चा के अलावा, सांसद तटकरे ने अपने संसदीय क्षेत्र रायगढ़ से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय भी प्रधानमंत्री के सामने रखा। उन्होंने रायगढ़ जिले में स्थित रोहा रेलवे स्टेशन के उन्नयन कार्य का जिक्र करते हुए बताया कि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा निधि स्वीकृत की जा चुकी है।
इसे जिले के विकास के लिए एक अहम कदम बताते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस परियोजना के भूमिपूजन समारोह के लिए समय देने की अपील की, ताकि इससे जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
इनपुट: IANS



