गुरूवार, 15 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग, BJP महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों के एक…

JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग, BJP महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात
(फोटो: IANS)

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की और आरोपी सांसद के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आग्रह किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल उठाए गए।

विज्ञापन

यह मामला जेएनयू के प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम से जुड़ा है, जिन पर 11 छात्राओं ने यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने इन आरोपों को सही पाया, जिसके बाद 9 अक्टूबर को उन्हें जेएनयू की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था।

कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस का हाथ सदैव महिलाओं के शोषणकर्ताओं के ऊपर ही रहता है।" उन्होंने कहा, "इस मामले पर राहुल गांधी की आवाज बंद हो गई है। कांग्रेस सिद्धांतों की नहीं सहूलियत की राजनीति करती है। कांग्रेस का नारीवाद हैशटैग से जरूर होता है लेकिन जवाबदेही के दहलीज पर आकर उसकी बलि चढ़ जाती है।" बांसुरी स्वराज ने यह भी बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ उनकी "बहुत ही सार्थक चर्चा हुई।"

'गुरु-शिष्य परंपरा का अपमान'

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद रूप कुमारी चौधरी ने इस घटना को भारतीय संस्कृति में "गुरु-शिष्य की परंपरा को कलंकित करने वाली" बताया। उन्होंने कहा, "हमारे इतिहास में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने नहीं आई थी।" उन्होंने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, "प्रियंका गांधी क्यों चुपचाप बैठी हैं?"

रूप कुमारी चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि आंतरिक रिपोर्ट में दोषी पाए जाने और बर्खास्तगी के बावजूद अकोइजम को कांग्रेस पार्टी का "संरक्षण" मिला हुआ है। उन्होंने शिकायत करने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा, "उन बेटियों ने बड़ी हिम्मत के साथ शिकायत की। उनके साथ कुछ भी हो सकता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा की भी हमें चिंता है।" उन्होंने बताया कि पीड़िताओं को न्याय, सम्मान और सुरक्षा दिलाने के लिए सड़क पर आंदोलन भी किया गया।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →