पुरानी रंजिश में हत्या: कालिंदी कुंज में बीयर पार्टी के बाद युवक को चाकुओं से गोदा, तीन गिरफ्तार
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में जेल की पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को…
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में जेल की पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। मृतक की पहचान शाहीन बाग के अबुल फजल एन्क्लेव-II निवासी शाहिद हुसैन के रूप में हुई है।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि पूरी साजिश बीयर पार्टी के बहाने रची गई थी। हुसैन अपने परिचित शाबिद मलिक उर्फ मोनू से मिलने हरियाणा के बसंतपुर गया था। दोनों एक रेस्टोरेंट में मिले और साथ में बीयर पी। जब हुसैन अपने स्कूटर से वापस लौट रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों ने उसे श्रीराम चौक के पास रोका और चाकुओं से हमला कर फरार हो गए।
जेल में शुरू हुई दुश्मनी का खूनी अंत
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि हत्या की जड़ें जेल में पनपी दुश्मनी से जुड़ी हैं। हुसैन ने जेल में रहने के दौरान तरुण उर्फ रंजन नाम के एक व्यक्ति को घायल कर दिया था। तरुण को डर था कि जेल से बाहर आने के बाद हुसैन उसे निशाना बना सकता है, इसलिए उसने बदला लेने की योजना बनाई।
IANS के अनुसार, तरुण और शाबिद मलिक ने मिलकर हुसैन को बीयर पिलाने के बहाने बुलाने और लौटते समय उस पर हमला करने की साजिश रची। इस साजिश में गौरव गुम्मा, अमन और राजा नाम के अन्य लोग भी कथित तौर पर शामिल थे।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक लावारिस स्कूटर और खून के धब्बे मिले। कालिंदी कुंज थाने के कांस्टेबल अवधेश घायल हुसैन को अपोलो अस्पताल ले गए, जहां शाम 5:32 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सबसे पहले शाबिद मलिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद मदनपुर खादर की जेजे कॉलोनी के 21 वर्षीय करण उर्फ करम शाह को समोसा चौक के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल करण ही चला रहा था और हमले के दौरान उसके बाएं पैर में भी चाकू लगा था। एक अन्य आरोपी, 27 वर्षीय अबूजर उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने इस वारदात के लिए अपनी नई खरीदी हुई बाइक मुहैया कराई थी।
इनपुट: IANS



