उत्तर कोरिया ने पनडुब्बी से क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया, परमाणु हमले की क्षमता बढ़ाने का संकेत
उत्तर कोरिया ने बुधवार को पूर्वी सागर में दो प्रकार की रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का सफल परीक्षण किया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि यह परीक्षण उस नई…
उत्तर कोरिया ने बुधवार को पूर्वी सागर में दो प्रकार की रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का सफल परीक्षण किया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि यह परीक्षण उस नई परमाणु हमलावर पनडुब्बी से किया गया, जिसे पिछले साल 2023 में लॉन्च किया गया था। इस कदम को प्योंगयांग द्वारा अपनी नौसैनिक परमाणु प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के एक और प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए (KCNA) ने गुरुवार को इस परीक्षण की जानकारी दी। हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मिसाइलें सीधे पनडुब्बी से दागी गईं या किसी अन्य अंडरवाटर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। केसीएनए के मुताबिक, इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य पानी के नीचे काम करने वाली हथियार प्रणालियों की परिचालन तत्परता का आकलन करना था।
परीक्षण का उद्देश्य और निगरानी
उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि इस सफल परीक्षण से देश की नौसेना की रणनीतिक अभियानों को अंजाम देने की क्षमता और मजबूत होगी। परीक्षण के दौरान सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की केंद्रीय सैन्य आयोग के सदस्य किम जोंग-सिक और मिसाइल प्रशासन के महानिदेशक जांग चांग-हा मौजूद थे। उनके साथ नौसेना की अंडरवाटर हथियार प्रणालियों से जुड़े इंजीनियरों ने भी इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
तकनीकी विवरण गोपनीय
प्योंगयांग ने इन मिसाइलों के नाम, उनकी मारक क्षमता या परीक्षण से जुड़े अन्य तकनीकी विवरणों का खुलासा नहीं किया है। वहीं, दक्षिण कोरिया ने भी बुधवार को हुए इस परीक्षण पर तत्काल कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की। यह परीक्षण उत्तर कोरिया द्वारा सोमवार को प्योंगयांग क्षेत्र से पूर्वी सागर की ओर कई सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के ठीक बाद हुआ है। केसीएनए ने उस परीक्षण को एक महत्वपूर्ण तकनीकी अपग्रेड की पुष्टि के लिए किया गया बताया था।
इनपुट: IANS



