मध्य प्रदेश: 1.21 लाख मेधावी छात्रों के खातों में पहुँची लैपटॉप की राशि, सरकार ने जारी किए 304 करोड़ रुपये
मध्य प्रदेश में 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सवा लाख प्रतिभाशाली छात्रों को सरकार ने लैपटॉप खरीदने के लिए प्रोत्साहन राशि दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव…
मध्य प्रदेश में 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सवा लाख प्रतिभाशाली छात्रों को सरकार ने लैपटॉप खरीदने के लिए प्रोत्साहन राशि दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक कार्यक्रम में 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे 25-25 हजार रुपये की रकम हस्तांतरित की।
राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में 'प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना' के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ एक सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
योजना का उद्देश्य और पात्रता
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इस योजना का लक्ष्य मेधावी छात्रों को डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। इसके तहत, हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले हर पात्र विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये दिए जाते हैं।
सरकार का कहना है कि लैपटॉप की मदद से छात्र ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल पाठ्य सामग्री और ई-लर्निंग जैसे आधुनिक तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर सकेंगे। इस वर्ष इस योजना के अंतर्गत कुल 304 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है।
इनपुट: IANS



