ऑस्ट्रेलिया: भीषण तूफ़ान से हज़ारों घरों में बिजली गुल, कई इलाकों में भारी तबाही
ऑस्ट्रेलिया के मध्य और दक्षिणी इलाकों में आए शक्तिशाली तूफानों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है, जिससे हजारों घर बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन तूफानों के कारण कई…
ऑस्ट्रेलिया के मध्य और दक्षिणी इलाकों में आए शक्तिशाली तूफानों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है, जिससे हजारों घर बिजली के बिना रहने को मजबूर हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन तूफानों के कारण कई पेड़ उखड़ गए, बिजली की लाइनें टूट गईं और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में बिजली बहाल होने में कई दिन लग सकते हैं।
सोमवार को मध्य ऑस्ट्रेलिया में एक कम दबाव वाले क्षेत्र के गर्म और अस्थिर हवाओं से मिलने के कारण तेज आंधी-तूफान की स्थिति बन गई। इसके साथ भारी बारिश, ओलावृष्टि और लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
उत्तरी क्षेत्र में व्यापक नुकसान
तूफान का सबसे ज्यादा असर उत्तरी क्षेत्र (NT) के शहर ऐलिस स्प्रिंग्स और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिला। अधिकारियों के अनुसार, यहां करीब 9,000 संपत्तियों की बिजली गुल हो गई। कई पेड़ सड़कों, बिजली की लाइनों और घरों की छतों पर गिर गए।
उत्तरी क्षेत्र के लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री बिल यान ने स्थानीय मीडिया को बताया, "नुकसान काफी बड़ा है, लेकिन राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है।" उन्होंने कहा कि राजधानी डार्विन से आपातकालीन टीमों को राहत, सफाई और बिजली बहाली के काम में मदद के लिए भेजा जाएगा। साथ ही, उन्होंने लोगों से गिरे हुए पेड़ों और बिजली के तारों से सावधान रहने की अपील की है।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में भी तबाही
इससे एक दिन पहले, रविवार को दक्षिण ऑस्ट्रेलिया (SA) भी भीषण तूफानों की चपेट में आ गया था। गरज-चमक के साथ आए तूफानों ने राज्य के बड़े हिस्से को प्रभावित किया और रात में राजधानी एडिलेड में भी बड़े-बड़े ओले गिरे। स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि उन्हें गिरे हुए पेड़ों से संबंधित 100 से अधिक मदद के अनुरोध मिले। रविवार दोपहर तक राज्य भर में 7,000 से ज्यादा उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहे थे।
SA पावर नेटवर्क्स के अनुसार, सोमवार दोपहर तक भी 1,872 ग्राहक बिजली कटौती से प्रभावित थे और कुछ बड़ी समस्याओं को ठीक होने में सोमवार रात तक का समय लग सकता है। इस बीच, मौसम विभाग ने मंगलवार को भी इसी तरह के तूफानी मौसम की आशंका जताई है।
इनपुट: IANS



