बहरीन पर ईरानी ड्रोन हमले की सऊदी अरब ने की कड़ी निंदा, बताया अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) द्वारा बहरीन के एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सऊदी अरब ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे…
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) द्वारा बहरीन के एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सऊदी अरब ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और अच्छे पड़ोसी संबंधों के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन करार दिया है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बयान जारी कर बहरीन की सुरक्षा और स्थिरता के लिए उठाए जाने वाले हर कदम में उसके साथ पूरी एकजुटता दिखाई। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र के देशों पर हो रहे ऐसे ईरानी हमलों को तुरंत रोका जाना चाहिए।
क्षेत्रीय सुरक्षा पर चिंता
सऊदी अरब ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लिए तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों को तत्काल रोकना होगा। बयान में क्षेत्र के देशों और वहां की जनता के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु गंभीर कदम उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
हमले का दावा और विवरण
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने रविवार को दावा किया था कि उसने खाड़ी देश बहरीन के एक सैन्य अड्डे पर ड्रोन से हमला किया। ईरान के सरकारी प्रसारक के मुताबिक, इस हमले में अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर मौजूद एक अमेरिकी डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया। IRGC के एयरोस्पेस फोर्स ने इस हमले के लिए छह ड्रोन का इस्तेमाल करने की बात कही। रिपोर्टों के अनुसार, धमाकों की गूंज पूरे बहरीन में सुनी गई, जिसके बाद बहरीन ने अपने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
इनपुट: IANS



