मध्य प्रदेश: मैहर में सड़क हादसे ने दो परिवारों को दिया गहरा ज़ख्म, नवजात के सिर से उठा पिता का साया
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। रविवार देर रात एक मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी…
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। रविवार देर रात एक मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में से एक की पत्नी ने महज 15 दिन पहले ही एक बेटे को जन्म दिया था।
यह दुखद घटना मैहर-रीवा मार्ग पर तामस नदी के पुल पर रात करीब 11:30 बजे घटी। मृतकों की पहचान जबलपुर जिले के शाहपुरा भिटौनी निवासी शिवम बाथरे (28) और सतना जिले के मौहारी गांव के रहने वाले सुजीत कोल (32) के रूप में हुई है। टक्कर के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
कौन थे मृतक?
शिवम बाथरे अमरपाटन में एक फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर थे और अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। इसी साल उनकी शादी हुई थी और हादसे से ठीक 15 दिन पहले ही वे पिता बने थे। वहीं, सुजीत कोल अंबिकापुर की एक कोयला खदान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी है।
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शिवम छुट्टी पर अपने घर जबलपुर गए थे और अपनी मोटरसाइकिल मैहर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दी थी। जब वे ट्रेन से मैहर वापस लौटे तो स्टेशन पर उनकी मुलाकात सुजीत कोल से हुई। इसके बाद दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमरपाटन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही इस हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और फरार कार सवारों की तलाश के साथ-साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



