बुधवार, 19 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
देश

झारखंड: 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द होने के बाद छात्रों ने 26 दिन से जारी आंदोलन वापस लिया

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर 26 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा जेपीएससी सिविल सर्विस और…

झारखंड: 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द होने के बाद छात्रों ने 26 दिन से जारी आंदोलन वापस लिया
(फोटो: IANS)

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर 26 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा जेपीएससी सिविल सर्विस और जेएसएससी-सीजीएल समेत कुल 22 परीक्षाओं को रद्द करने और 45 परीक्षाओं में हुई धांधली की जांच की अधिसूचना जारी करने के बाद आया है।

विज्ञापन

आंदोलनकारी छात्रों ने कहा है कि सरकार ने उन्हें गड़बड़ियों की व्यापक जांच का भरोसा दिया है, जिसके आधार पर वे फिलहाल अपना आंदोलन रोक रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रों ने बुधवार शाम को औपचारिक रूप से आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

जांच के लिए सरकार को 60 दिन का समय

छात्रों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन को समाप्त करना स्थायी रूप से पीछे हटना नहीं है, बल्कि सरकार को जांच के लिए समय देना है। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर नजर रखने की बात कही है और इसके लिए सरकार को 60 दिनों का वक्त दिया है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हुई या कोई लापरवाही बरती गई, तो वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे।

मुख्यमंत्री का आभार, न्याय की उम्मीद

जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के रामावतार महतो ने बताया कि मंच ने 25 जुलाई से परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया था। उन्होंने कहा, "सरकार ने मंच की प्रमुख मांगों को स्वीकार किया है।" छात्र हित में लिए गए फैसलों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया। महतो के अनुसार, सरकार के इस कदम से छात्रों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। इसी आधार पर मंच ने आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है।

आभार यात्रा के जरिए जताया धन्यवाद

अपने 26 दिनों के आंदोलन के दौरान मिले समर्थन के लिए छात्रों ने आभार यात्रा निकालने की भी योजना बनाई है। यह यात्रा बुधवार शाम छह बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होगी, जिसके जरिए वे अपने समर्थकों, संगठनों और अन्य लोगों का धन्यवाद करेंगे। इस आंदोलन के दौरान छात्रों ने धरना, प्रदर्शन, सत्याग्रह और भूख हड़ताल जैसे कई कार्यक्रम किए थे।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →