होरमुज़ जलडमरूमध्य में तनाव बरकरार, व्यापारिक जहाज़ों को ईरानी गतिविधियों से ख़तरा: UKMTO
दुनिया के सबसे अहम समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक, होरमुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड…
दुनिया के सबसे अहम समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक, होरमुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने सोमवार को चेतावनी दी है कि इस रास्ते से गुज़रने वाले व्यापारिक जहाज़ों के लिए ख़तरा बना हुआ है। एजेंसी ने अपनी ताज़ा जानकारी में बताया है कि ईरान की गतिविधियों के चलते इस क्षेत्र में जहाजों पर हमले और उन्हें परेशान करने की घटनाएं जारी हैं।
इस तनावपूर्ण माहौल का सीधा असर जहाजों की आवाजाही पर पड़ा है। UKMTO के मुताबिक, होरमुज़ से गुज़रने वाले वाणिज्यिक जहाज़ों की संख्या सामान्य की तुलना में काफ़ी घट गई है और यह अब ‘कम स्तर’ पर है। हालात ऐसे हैं कि रोज़ाना होने वाले ट्रांज़िट की संख्या घटकर एक अंक में सिमट गई है। एजेंसी ने एक ताज़ा घटना का ज़िक्र करते हुए बताया कि शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक टैंकर को निशाना बनाया गया था।
ईरान की निरंतर गतिविधियां
UKMTO ने अपनी रिपोर्ट में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की लगातार जारी गतिविधियों पर प्रकाश डाला है। इनमें व्यापारिक जहाज़ों को रेडियो पर संपर्क करना, उन्हें रोकने की कोशिश करना, ड्रोन से उनकी निगरानी करना और कुछ चुनिंदा जहाज़ों पर नज़र रखना शामिल है। एजेंसी का मानना है कि इन हरकतों से ईरान इस प्रमुख समुद्री मार्ग पर अपनी मौजूदगी और दबाव बनाए रखना चाहता है।
हमले और बारूदी सुरंगों का जोखिम
खतरा सिर्फ़ निगरानी तक ही सीमित नहीं है। एजेंसी के अनुसार, प्रोजेक्टाइल हमले और जहाज़ों के बेहद नज़दीक विस्फोट जैसी घटनाएं भी हो रही हैं, ख़ासकर ओमान के दक्षिणी समुद्री क्षेत्र—लीमाह, खासाब और कुमजार के आसपास के रास्तों में। इसके अलावा, UKMTO ने एक और गंभीर ख़तरे से आगाह किया है—समुद्र में बहती हुई या सही से दर्ज नहीं की गई बारूदी सुरंगों (माइन्स) का जोखिम अभी भी बना हुआ है, जिससे जहाज़ों के लिए नेविगेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
फारस की खाड़ी से तेल और गैस को वैश्विक बाज़ारों तक पहुंचाने के लिए होरमुज़ एक अहम रास्ता है। इसलिए, यहां लंबे समय से चल रहे तनाव का असर न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा, बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। इन्हीं कारणों से UKMTO ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा जोखिम को ‘गंभीर’ बताते हुए जहाज़ों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
इनपुट: IANS



