यमन: सऊदी-नीत गठबंधन के संयुक्त अभियान में ISIS का प्रवक्ता अबू हुज़ैफा अल-अंसारी ढेर
यमन में आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आधिकारिक प्रवक्ता अबू हुज़ैफा अल-अंसारी के मारे जाने की खबर है। यमन सरकार ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की। समाचार एजेंसी IANS…
यमन में आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आधिकारिक प्रवक्ता अबू हुज़ैफा अल-अंसारी के मारे जाने की खबर है। यमन सरकार ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह सफलता यमनी सुरक्षा बलों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के विशेष बलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में मिली।
सरकारी टीवी चैनल सबा ने केंद्रीय राज्य सुरक्षा एजेंसी का हवाला देते हुए बताया कि इस ऑपरेशन का शुरुआती मकसद अल-अंसारी को जीवित पकड़ना था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान उसकी मौत हो गई। एजेंसी ने इस अभियान के स्थान या अन्य परिचालन विवरणों का खुलासा नहीं किया है।
हदरमौत प्रांत में देर रात छापेमारी
स्थानीय सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे दक्षिण-पूर्वी हदरमौत प्रांत के सैयून शहर में की गई। सुरक्षाबलों ने अल-हौटा इलाके में स्थित एक पुराने मिट्टी के घर को निशाना बनाया, जहाँ अल-अंसारी छिपा हुआ था। इस दौरान ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। स्थानीय निवासियों ने भी छापेमारी के समय सैयून शहर में कई धमाकों की आवाज़ें सुनने की बात कही।
सूत्रों ने यह भी बताया कि अल-अंसारी पहले घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन बाद में उसने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस कार्रवाई में घर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी मारा गया। गौरतलब है कि यमन में लंबे समय से जारी संघर्ष और अस्थिरता का लाभ उठाकर अल-कायदा और ISIS जैसे आतंकी संगठन देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं।
लाल सागर में हूती नौकाएं भी रोकी गईं
इसी बीच, यमन सरकार ने एक और दावा किया है कि उसकी नौसेना ने लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों के पास सरकारी नियंत्रण वाले द्वीपों की ओर जा रही हूती विद्रोहियों की चार विस्फोटक लदी नौकाओं को रोका है। सरकारी समाचार एजेंसी सबा के मुताबिक, ये नौकाएं रणनीतिक हनिश और ज़ुकर द्वीपों की तरफ बढ़ रही थीं। हालांकि, हूती समूह ने इन दावों पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इनपुट: IANS



