मिजोरम में 30 करोड़ की ड्रग्स तस्करी का मास्टरमाइंड असम से गिरफ्तार, NIA ने की कार्रवाई
म्यांमार से भारत में करोड़ों रुपये की मेथामफेटामाइन गोलियों की तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के…
म्यांमार से भारत में करोड़ों रुपये की मेथामफेटामाइन गोलियों की तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, आरोपी नूरुल इस्लाम को रविवार को असम के सिलचर से पकड़ा गया। यह गिरफ्तारी मिजोरम में पिछले साल हुई एक बड़ी बरामदगी से जुड़ी है।
यह मामला मई 2023 में मिजोरम के चम्फाई जिले में 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन गोलियों की जब्ती से संबंधित है, जिनकी कीमत लगभग 30.72 करोड़ रुपये आंकी गई थी। एनआईए की जांच में सामने आया कि नूरुल इस्लाम ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड था, जो म्यांमार से इन नशीले पदार्थों को भारत के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
मामले में अब तक की कार्रवाई
इस मामले में मूल रूप से डुंगटलंग थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया। जांच एजेंसी पहले ही इस मामले में पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें से दो मिजोरम, दो त्रिपुरा और एक असम का रहने वाला है। एनआईए का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।
असम में भी नशीले पदार्थों पर कार्रवाई
इसी बीच, असम पुलिस ने भी नशीले पदार्थों के खिलाफ एक अलग अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। हैलाकांडी जिले में पुलिस ने लगभग 14,000 याबा टैबलेट जब्त की हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम की ओर से आ रही एक कार की सूचना पर असम-मिजोरम सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान कार से टैबलेट बरामद हुईं और श्रीभूमि जिले के पत्थरकांडी निवासी अजीजुर रहमान नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
इनपुट: IANS



