तमिलनाडु: कुड्डालोर में H5N1 की पुष्टि के बाद 40,000 मुर्गियां मारी गईं, पूरे राज्य में निगरानी बढ़ी
तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होने के बाद राज्य में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव के उपाय कड़े कर दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS…
तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि होने के बाद राज्य में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव के उपाय कड़े कर दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमण की रोकथाम के लिए कुरिंजिपडी इलाके में लगभग 40 हजार फार्म मुर्गियों को मार दिया गया है।
यह कार्रवाई तब की गई जब कुरिंजिपडी के पास स्थित एक फार्म में मुर्गियों की मौत होने पर सैंपल जांच के लिए भेजे गए। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला ने इन सैंपलों में H5N1 वायरस के संक्रमण की पुष्टि की। इसके बाद, प्रभावित इलाके में तीन महीने के लिए ब्रॉयलर चिकन पालन पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।
राज्य भर में सतर्कता और निर्देश
राज्य के स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सोमसुंदरम ने सभी अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मानवीय मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने पोल्ट्री उद्योग के बड़े केंद्र नमक्कल में भी चौकसी बढ़ा दी है। बता दें कि कुछ हफ्ते पहले चेन्नई के वंडालूर चिड़ियाघर में भी पक्षियों में संक्रमण पाए जाने पर उसे बंद कर दिया गया था।
आम लोगों के लिए ज़रूरी सलाह
डॉ. सोमसुंदरम ने जनता को मरे हुए पक्षियों को न छूने की सख्त सलाह दी है। बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन यह संक्रमित पक्षियों या दूषित वातावरण के असुरक्षित संपर्क में आने से इंसानों में भी फैल सकता है।
क्या हैं लक्षण और बचाव?
डॉक्टरों के अनुसार, बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सलाह लेनी चाहिए, खासकर यदि व्यक्ति हाल ही में पक्षियों या पोल्ट्री के संपर्क में आया हो। डॉ. सोमसुंदरम ने खाद्य सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा, "हमेशा अच्छी तरह पका हुआ चिकन ही खाएं। सही तरीके से पकाने से एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस खत्म हो जाता है।"
इनपुट: IANS



