नाटो शिखर सम्मेलन: रक्षा खर्च बढ़ाने के एजेंडे के साथ राष्ट्रपति ट्रंप अंकारा पहुँचे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तुर्किए की राजधानी अंकारा पहुँच गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह सोमवार शाम (अमेरिकी समय) को व्हाइट हाउस से रवाना हुए
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तुर्किए की राजधानी अंकारा पहुँच गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वह सोमवार शाम (अमेरिकी समय) को व्हाइट हाउस से रवाना हुए थे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नाटो के सदस्य देशों पर रक्षा खर्च बढ़ाने, बोझ की साझेदारी को मजबूत करने और रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दबाव डालना है।
ट्रंप मंगलवार दोपहर अंकारा पहुँचे, जहाँ तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने उनका स्वागत किया। अपनी यात्रा के दौरान वह एक स्टेट अराइवल सेरेमनी और ऑनर गार्ड रिव्यू में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।
शिखर सम्मेलन का कार्यक्रम
मंगलवार शाम को राष्ट्रपति ट्रंप नाटो नेताओं के लिए आयोजित एक सोशल डिनर में शामिल होंगे। बुधवार को वह आधिकारिक स्वागत समारोह और फैमिली फोटो के बाद नाटो नेताओं के वर्किंग सेशन में भाग लेंगे। अपनी यात्रा के समापन से पहले, ट्रंप यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके बाद वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और बुधवार शाम को वापस व्हाइट हाउस के लिए रवाना हो जाएँगे।
अमेरिका की उम्मीदें और एजेंडा
इस यात्रा से पहले नाटो में अमेरिकी राजदूत मैथ्यू जी. व्हिटेकर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप सभी सहयोगी देशों से रक्षा खर्च पर तत्काल प्रगति की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप उम्मीद करते हैं कि सभी सहयोगी तुरंत आगे आएंगे और न केवल 5 फीसदी के सस्टेनेबल रास्ते पर चलेंगे, बल्कि एक बहुत खतरनाक दुनिया में, जहां काबिल सहयोगियों की जरूरत है, जल्द से जल्द 5 फीसदी तक पहुंचेंगे।"
व्हिटेकर ने बताया कि नाटो सहयोगियों ने लगभग 139 बिलियन अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त रक्षा खर्च करने का वादा किया है, जिसका लगभग आधा हिस्सा अमेरिका निर्मित उपकरणों और हथियारों पर खर्च होगा। उन्होंने इसे "एक अच्छी शुरुआत" बताते हुए कहा कि कुछ सहयोगी दूसरों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इस प्रयास में पोलैंड, नॉर्डिक और बाल्टिक देशों की सराहना की, जबकि जर्मनी के 2029 तक लक्ष्य हासिल करने की राह पर होने का उल्लेख किया।
एक अन्य अधिकारी, केली ने मीडिया को बताया कि अमेरिकी सरकार इस शिखर सम्मेलन को नाटो में सुधार की दिशा में एक और कदम के रूप में देख रही है। केली ने कहा, "इस राष्ट्रपति के नेतृत्व में, अमेरिका ने नाटो के स्ट्रक्चर में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव शुरू किया है, जिससे अलायंस अमेरिका पर निर्भरता के मॉडल से असल में बोझ साझा करने और सेल्फ-रिलाएंस के मॉडल में बदल गया है।"
इनपुट: IANS



