PoK में तनाव: पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 50 से ज़्यादा मौतें, मानवाधिकार संगठनों ने जताई गहरी चिंता
पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (PoK) में पिछले कुछ दिनों से हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, वहाँ पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 50 से ज़्यादा लोगों के…
पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (PoK) में पिछले कुछ दिनों से हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, वहाँ पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में 50 से ज़्यादा लोगों के मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने की ख़बर है। यह अशांति स्थानीय लोगों द्वारा अपने बुनियादी अधिकारों की मांग को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के बाद बढ़ी है।
जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के सदस्य सरदार उमर नज़ीर कश्मीरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में दावा किया, “पिछले 4 दिनों में सेना ने क्रूर आतंकवाद के ज़रिए हमारे 50 से ज़्यादा लोगों को मार डाला और सैकड़ों घायल हुए हैं।” कमेटी ने यह भी बताया कि मुज़फ़्फ़राबाद जैसे इलाकों में लोग देर रात तक सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों और स्थानीय अधिकारियों द्वारा किए गए वादों को लागू करने की मांग करते रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा और कार्रवाई की मांग
PoK में हुई हिंसा की गूंज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दे रही है। अमेरिका स्थित मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन (HRF) ने शनिवार को निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा कथित बल प्रयोग की कड़ी निंदा की। संगठन ने पाकिस्तानी अधिकारियों से हिंसक कार्रवाइयां रोकने, मोबाइल संचार बहाल करने और बल के किसी भी अवैध इस्तेमाल के लिए जवाबदेही तय करने का आग्रह किया है।
HRF ने एक स्थानीय सिविल सोसाइटी समूह का हवाला देते हुए बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनों के दौरान हज़ारों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं। संगठन के अनुसार, “प्रोटेस्ट ऑर्गनाइज़र ने दावा किया कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने सबूत छिपाने की कोशिश में अस्पतालों से लाशें हटा दीं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।” संस्था ने यह भी कहा कि इंटरनेट ब्लैकआउट और मीडिया पर कड़ी पाबंदियों के चलते स्वतंत्र रिपोर्टिंग लगभग असंभव हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र में उठा मामला
इस बीच, यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (UKPNNP) के चेयरमैन सरदार शौकत अली कश्मीरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने PoK में पाकिस्तानी सेना की कथित क्रूरता और बिगड़ते मानवाधिकार के हालात पर गहरी चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे इस क्षेत्र में और अधिक जनहानि को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों से संयम बरतने, मारे गए नागरिकों के शव उनके परिवारों को सौंपने और अवैध रूप से हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने की भी मांग की।
इनपुट: IANS



