तेलंगाना: मिठाई दुकानों पर छापे, गंदगी और मिलावट की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई
त्योहारी सीजन के ठीक बाद तेलंगाना में मिठाई की दुकानों पर बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया है, जिसमें चौंकाने वाली खामियां सामने आई हैं। राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग ने 53 दुकानों पर छापा मारा…
त्योहारी सीजन के ठीक बाद तेलंगाना में मिठाई की दुकानों पर बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया है, जिसमें चौंकाने वाली खामियां सामने आई हैं। राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग ने 53 दुकानों पर छापा मारा, जहाँ गंदगी, टूटे फर्श, जाम नालियां और खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान मिलावट के संदेह में खाद्य पदार्थों के 38 नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (टीजी सेफ) ने यह कार्रवाई मंचेरियल, सिद्दीपेट, खम्मम, नलगोंडा और निजामाबाद समेत 21 जिलों में एक साथ की। अधिकारियों को कई दुकानों में बेहद खराब हालात मिले।
जांच में क्या-क्या मिला?
शुक्रवार को हुई इस छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कई गंभीर अनियमितताएं दर्ज कीं।
- साफ-सफाई का अभाव: दुकानों में फर्श टूटा हुआ था और उस पर खाने का कचरा बिखरा था। दीवारों पर गंदगी और धूल जमी थी। धुलाई की जगह गंदी और नालियां कचरे से भरी हुई थीं।
- असुरक्षित रखरखाव: खाद्य सामग्री को सीधे जमीन पर रखा गया था। खाने की चीजों और गैर-खाद्य वस्तुओं को एक साथ स्टोर किया जा रहा था। एग्जॉस्ट और चिमनियां चिकनाई से अटी पड़ी थीं।
- कर्मचारियों की लापरवाही: कई कर्मचारी बिना हेयरनेट और दस्तानों के काम कर रहे थे। उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण जैसे जरूरी दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे।
अधिकारियों का अगला कदम
खामियों के आधार पर 20 दुकानों को सुधार नोटिस जारी किया जाएगा। 'टीजी सेफ' कमिश्नर के बयान के मुताबिक, इन दुकानों का दोबारा निरीक्षण होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि नियमों का पालन हुआ है या नहीं। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। एक दुकान को कारण बताओ नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पिछले हफ्ते हैदराबाद में हुई छापेमारी के बाद हुई है, जिसमें गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर तीन मिठाई की दुकानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे। उस जांच में अधिकारियों को मकड़ी के जाले, खाने में कीड़े-कॉकरोच और 1,035 किलो खाद्य सामग्री जब्त करनी पड़ी थी, जिसकी कीमत 7,75,850 रुपये थी।
इनपुट: IANS



