महाराष्ट्र: जलगांव में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह…
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना जामनेर तालुका के मालदाभाड़ी के पास शाम करीब 4 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया वाहन पर सवार परिवार के सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह परिवार पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के बुरहानपुर का रहने वाला था। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
राज्य में हाल की अन्य बड़ी दुर्घटना
यह घटना राज्य में हुए एक और बड़े हादसे के कुछ ही हफ्तों बाद हुई है। पुलिस ने बताया कि पिछले महीने नांदेड़ जिले में भी एक यात्री वैन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह हादसा नांदेड़-भोकर सड़क पर सीताखंडी घाट के पास शाम करीब 7 बजे हुआ था। उस दुर्घटना में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की थी।
इनपुट: IANS



