उज्जैन: महाकाल मंदिर में दर्शन को लेकर कांवड़ियों और सुरक्षाकर्मियों में झड़प, चार गार्ड घायल
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को दर्शन के लिए तय रास्ते से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कांवड़ियों के एक समूह की सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को दर्शन के लिए तय रास्ते से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कांवड़ियों के एक समूह की सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हंगामे और हाथापाई में मंदिर के चार सुरक्षा गार्ड घायल हो गए, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं।
यह घटना उस समय हुई जब ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से आए करीब 100 कांवड़ तीर्थयात्रियों ने बैरिकेड तोड़कर नंदी हॉल में प्रवेश करने का प्रयास किया। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने के बावजूद समूह ने पहली कतार के बैरिकेड पार कर लिए और आगे बढ़ने लगे। जब गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने बैरिकेड के ऊपर से कूदना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे में सुरक्षाकर्मियों को आईं चोटें
इस टकराव के दौरान कुछ बैरिकेड गिर गए और चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इनमें से दो गार्ड्स के पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी तीर्थयात्रियों को बैरिकेड फांदकर आगे बढ़ते और सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
मंदिर प्रबंधन समिति ने आरोप लगाया है कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने न केवल बैरिकेड को नुकसान पहुंचाया, बल्कि दान पेटियों को हटाने और गर्भगृह में अवैध रूप से घुसने की भी कोशिश की। समिति ने कहा है कि वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कुछ लोगों को महाकाल पुलिस स्टेशन पहुंचाया है और आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



