कोलकाता आरजी कार वित्तीय घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से जमानत के बाद ED के सामने पेश हुए पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के कुछ ही हफ्तों बाद, कोलकाता के सरकारी आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष एक बार फिर जांच के घेरे में हैं। करोड़ों रुपये की वित्तीय…
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के कुछ ही हफ्तों बाद, कोलकाता के सरकारी आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष एक बार फिर जांच के घेरे में हैं। करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में मंगलवार को वह प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, घोष निर्धारित समय से कुछ घंटे देर से दोपहर करीब 1:30 बजे सॉल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे और जांच अधिकारियों के सवालों का सामना किया।
उन्हें सुबह 11 बजे पेश होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन उस समय उनके वकील केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे। इससे पहले, उन्हें 4 नवंबर को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया था, पर तब वह पेश नहीं हुए थे और इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त समय मांगा था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला अगस्त 2024 में अस्पताल परिसर में एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की भयावह घटना के बाद सामने आया था। इस घटना के बाद हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच, अस्पताल में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगे। आरोपों के मुताबिक, सरकारी धन को अस्पताल के बैंक खाते से अवैध रूप से उन विक्रेताओं और ठेकेदारों के खातों में भेजा गया था, जो घोष के करीबी माने जाते थे।
CBI ने किया था गिरफ्तार
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) दोनों समानांतर जांच कर रहे हैं। CBI की कोलकाता स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने 24 अगस्त, 2024 को मामला दर्ज कर संदीप घोष को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद वह पहले CBI हिरासत और फिर कुछ समय तक न्यायिक हिरासत में रहे। इसी साल 15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी। अब ईडी द्वारा दोबारा समन किए जाने से यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
इनपुट: IANS



