ठाणे में पकड़ा गया 13 लाख का इनामी माओवादी, झारखंड के जंगल से उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद
झारखंड और बिहार में 53 मामलों में वांछित एक माओवादी कमांडर की निशानदेही पर पुलिस ने पलामू के एक जंगल से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय…
झारखंड और बिहार में 53 मामलों में वांछित एक माओवादी कमांडर की निशानदेही पर पुलिस ने पलामू के एक जंगल से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय यादव उर्फ गोदराम नाम के इस कमांडर पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम था और उसे दो दिन पहले महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे से गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद संजय यादव को महाराष्ट्र एटीएस ने पलामू पुलिस को सौंप दिया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया, जहां से एक इंसास राइफल और बड़ी संख्या में कारतूस मिले। संजय प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का जोनल कमेटी सदस्य (ZCM) है और पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन (तिलहड़वा) गांव का रहने वाला है।
कई राज्यों में 53 मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय यादव पर झारखंड सरकार ने 10 लाख और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह दोनों राज्यों में हत्या, पुलिस पर हमला, लेवी वसूली, आगजनी और विस्फोट जैसे कुल 53 मामलों में वांछित था। इनमें पलामू में 23, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया जिले में 10 मामले दर्ज हैं।
दर्जनों वारदातों में शामिल होने का आरोप
संजय यादव कई बड़ी नक्सली घटनाओं में आरोपित रहा है। उस पर नवंबर 2019 में पीपरा बाजार में हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है, जिसमें झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और एक अन्य नागरिक की मौत हो गई थी। इसके अलावा, अप्रैल 2019 में भाजपा के चुनाव कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने और एक निर्माणाधीन पुल की मशीनों में आग लगाने जैसी घटनाओं में भी उसका नाम आया था। पुलिस के अनुसार, वह सड़क निर्माण में लगे वाहनों को जलाने, पुलिस को निशाना बनाने के लिए बम लगाने और कारोबारियों से लेवी वसूलने के कई अन्य मामलों में भी शामिल था।
इनपुट: IANS



