उत्तर प्रदेश: अब हर मंडल में होगी खाद्य-पदार्थों और दवाओं की जांच, 18 लैब स्थापित
उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, अब प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि…
उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, अब प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित कर दी गई हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पहल से जांच क्षमता में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे मिलावटखोरों पर समय से और प्रभावी कार्रवाई करना संभव हो सकेगा।
इस योजना के तहत 12 मंडलों में बिल्कुल नई प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं, जबकि पहले से मौजूद 6 मंडलों की पुरानी लैब्स को आधुनिक बनाकर अपग्रेड किया गया है। इस विस्तार का सीधा असर जांच की गति पर पड़ेगा। अब खाद्य पदार्थों के सालाना 1,08,000 नमूनों की जांच की जा सकेगी, जो पहले केवल 30,000 थी। इसी तरह, दवाओं के नमूनों की जांच क्षमता भी 12,500 से बढ़कर 60,000 हो गई है।
कहां-कहां स्थापित हुईं नई प्रयोगशालाएं?
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़, बस्ती, देवीपाटन, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूटधाम, मीरजापुर (विंध्याचल), बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़ और सहारनपुर मंडलों में नई लैब स्थापित की गई हैं। इनमें से कई जगहों पर 31 अक्टूबर से सर्विलांस जांच शुरू भी हो चुकी है। वहीं, लखनऊ, आगरा, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी में पहले से चल रही प्रयोगशालाओं को उन्नत किया गया है।
मिलावट और अमानक उत्पादों से स्वास्थ्य को खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, रंग, स्वाद या मिठास के लिए खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित रसायन सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। इनके लंबे समय तक सेवन से कैंसर, लिवर और किडनी से जुड़ी बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। इसी तरह, असरहीन या अमानक दवाएं मरीजों के इलाज को लंबा और खर्चीला बना देती हैं, साथ ही उनके दुष्प्रभाव का भी खतरा रहता है।
जांच में तेजी के लिए नई भर्तियां भी
इन प्रयोगशालाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए मानव संसाधन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। औषधि जांच के लिए 357 कनिष्ठ विश्लेषकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अलावा, खाद्य नमूनों की जांच के लिए 457 कनिष्ठ विश्लेषकों की भर्ती चल रही है। इन नियुक्तियों से कर्मचारियों की कमी दूर होगी और जांच कार्य में और तेजी आएगी, जिससे विभाग के 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान को भी बल मिलेगा।
इनपुट: IANS



