ईरान पर नरम पड़े ट्रंप, कच्चे तेल के दाम गिरे, ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर के नीचे
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसकी मुख्य वजह मध्य पूर्व में तनाव कुछ कम होने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान के बाद…
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसकी मुख्य वजह मध्य पूर्व में तनाव कुछ कम होने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान के बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से भी नीचे आ गया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने संकेत दिया है कि वॉशिंगटन फिलहाल ईरान के खिलाफ कोई नया सैन्य हमला नहीं करेगा, जिससे बाजार की चिंताएं कुछ कम हुई हैं।
भारतीय समयानुसार मंगलवार दोपहर 3:50 बजे तक, ब्रेंट क्रूड 2.80% गिरकर 89.88 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, यूएस डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड भी 2.31% की कमजोरी के साथ 84.85 डॉलर प्रति औंस पर था। ट्रंप ने यह फैसला कतर सहित क्षेत्र के कई देशों की अपील के बाद लिया है। उन्होंने यह जानकारी व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद दी।
भू-राजनीतिक तनाव और बाजार का रुख
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि राजनयिक स्तर पर हो रही प्रगति के संकेतों से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक नाकेबंदी फिलहाल जारी रहेगी। यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक अहम रास्ता है, इसलिए इसे लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। इसी अनिश्चितता के कारण कीमतों में गिरावट सीमित रह सकती है।
विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक अब अमेरिका के एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन (EIA), पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (OPEC) और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) की आने वाली मासिक रिपोर्ट्स का इंतजार कर रहे हैं। इन रिपोर्ट्स से वैश्विक तेल मांग और आपूर्ति को लेकर नए संकेत मिलेंगे।
बातचीत की खबरें और खंडन
इस बीच, रूस और यूक्रेन के अधिकारी भी मंगलवार को अमेरिका की मध्यस्थता में दो दिवसीय बातचीत के लिए मिलने वाले हैं। फरवरी के बाद यह दोनों देशों के बीच इस तरह की पहली मुलाकात होगी। दूसरी तरफ, अमेरिका और खाड़ी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वॉशिंगटन और तेहरान के बीच किसी शांति समझौते की तत्काल संभावना पर संदेह जताया है।
वहीं, ईरान ने ऐसी किसी भी बातचीत की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरान की सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसेन रेजाई ने कहा कि अमेरिका को काल्पनिक बातचीत के बारे में 'फर्जी खबरें' फैलाना बंद कर देना चाहिए।
इनपुट: IANS



