ICICI बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी में LIC, RBI से मिली 9.99% तक की मंजूरी
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अब निजी क्षेत्र के बड़े बैंक ICICI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकती है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने…
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अब निजी क्षेत्र के बड़े बैंक ICICI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकती है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने LIC को ICICI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत तक करने की अनुमति दे दी है। यह मंजूरी बैंक की कुल चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग अधिकारों के संदर्भ में है।
ICICI बैंक ने बताया कि RBI की तरफ से यह मंजूरी पत्र 4 सितंबर को जारी किया गया था, जिसकी प्रति उन्हें उसी दिन रात 9:09 बजे मिली। इस मंजूरी के साथ, LIC को अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए एक साल का समय दिया गया है।
क्या हैं RBI की शर्तें?
RBI ने यह मंजूरी कुछ शर्तों के साथ दी है। LIC को यह हिस्सेदारी मंजूरी मिलने की तारीख से एक वर्ष के भीतर हासिल करनी होगी। अगर LIC इस समय-सीमा में अपनी हिस्सेदारी नहीं बढ़ाती है, तो यह मंजूरी अपने आप रद्द हो जाएगी। इसके अलावा, इस प्रक्रिया में सभी लागू कानूनी और नियामकीय प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि RBI की मंजूरी का यह अर्थ नहीं है कि LIC ने तुरंत अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत कर ली है। हिस्सेदारी खरीदने की कोई भी प्रक्रिया RBI द्वारा निर्धारित शर्तों और अन्य नियमों के अधीन ही होगी।
एक महीने में दो बड़े बैंकों में हिस्सेदारी बढ़ाने की इजाज़त
यह हाल के दिनों में LIC को मिला दूसरा बड़ा अवसर है। पिछले महीने ही RBI ने LIC को एक और प्रमुख निजी बैंक, HDFC बैंक में भी अपनी हिस्सेदारी 9.99 प्रतिशत तक करने की इसी तरह की मंजूरी दी थी। 14 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, HDFC बैंक में LIC की हिस्सेदारी 4.11 प्रतिशत थी।
शुक्रवार को शेयर बाजार बंद होने पर, BSE पर LIC के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 415.25 रुपए पर थे। वहीं, ICICI बैंक का शेयर 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,423 रुपए पर बंद हुआ।
इनपुट: IANS



