बुधवार, 2 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

नेपाल बाढ़ त्रासदी: मृतकों का आंकड़ा 1100 के पार, चार हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता

नेपाल में पिछले हफ्ते आई विनाशकारी आकस्मिक बाढ़ से मरने वालों की संख्या ग्यारह सौ को पार कर गई है, जबकि बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के…

नेपाल बाढ़ त्रासदी: मृतकों का आंकड़ा 1100 के पार, चार हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता
(फोटो: IANS)

नेपाल में पिछले हफ्ते आई विनाशकारी आकस्मिक बाढ़ से मरने वालों की संख्या ग्यारह सौ को पार कर गई है, जबकि बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने बुधवार सुबह 9 बजे तक के जो आँकड़े जारी किए हैं, उनके मुताबिक अब तक कुल 1,114 शव बरामद किए जा चुके हैं।

विज्ञापन

प्राधिकरण ने बताया कि बरामद किए गए शवों में शरीर के विभिन्न अंग भी शामिल हैं। इनमें से अब तक केवल 95 शवों की पहचान हो पाई है, जिन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। देश के कई जिले इस आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा 348 शव दक्षिणी चितवन जिले से मिले हैं। इसके बाद नवलपरासी पूर्व से 217, नवलपरासी पश्चिम से 190, नुवाकोट से 155, गोरखा से 66, धाडिंग से 59, रसुवा से 41 और तनहुं से 38 शव बरामद हुए हैं।

लापता लोगों की संख्या पर असमंजस

बाढ़ के बाद से लापता लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के आँकड़ों में अंतर दिखाई दे रहा है। NDRRMA के मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों, विदेशी नागरिकों और स्थानीय निवासियों समेत कुल 3,916 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, नेपाल पुलिस द्वारा बुधवार सुबह 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, 583 विदेशी नागरिकों सहित कुल 4,858 लोग लापता हैं।

पनबिजली परियोजनाओं में भारी नुक़सान

आपदा का सबसे बुरा असर रसुवा और नुवाकोट में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के किनारे स्थित पनबिजली परियोजनाओं पर पड़ा है। इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन, नेपाल (IPPAN) के अनुसार, 11 परियोजनाओं से जुड़े 983 लोगों की स्थिति अभी भी अज्ञात है। अकेले अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (216 मेगावाट) में बाढ़ के समय 1,433 लोग काम कर रहे थे, जिनमें से 876 को या तो बचा लिया गया है या उनसे संपर्क हो गया है।

विभिन्न परियोजनाओं में बचाव कार्य जारी है। नेपाली सेना के जवान भारतीय और चीनी सुरंग बचाव दलों के साथ मिलकर सुरंगों में फंसे लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, मंगलवार तक रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (111 मेगावाट) से लापता 91 लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →