नागालैंड: बारिश से तबाही, मोकोकचुंग में भूस्खलन ने ली दो सगे भाइयों की जान, मां गंभीर
नागालैंड में पिछले एक सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इसी क्रम में मोकोकचुंग शहर में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक भूस्खलन में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि उनकी मां घायल हो…
नागालैंड में पिछले एक सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इसी क्रम में मोकोकचुंग शहर में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक भूस्खलन में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि उनकी मां घायल हो गईं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब भारी बारिश के कारण पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढहकर उनके किराए के मकान पर आ गिरा।
यह हादसा मोकोकचुंग के अपर पेनली वार्ड में देर रात करीब 12:40 बजे हुआ। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय मुवालोंग संगतम और 16 वर्षीय थ्रिडिबा संगतम के रूप में हुई है। दोनों भाई तुएनसांग जिले के अलिसोफुर गांव के रहने वाले थे और क्वीन मैरी हायर सेकेंडरी स्कूल में क्रमशः 12वीं और 11वीं कक्षा के छात्र थे।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल मां को इलाज के लिए इमकोंगलीबा मेमोरियल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, आधी रात से लगातार हो रही बारिश के कारण यह हादसा हुआ, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद दोनों भाइयों के शवों को उनके पैतृक गांव अलिसोफुर ले जाया गया, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भूस्खलन और बाढ़ से कई जिलों में सड़क संपर्क एक सप्ताह से भी अधिक समय से टूटा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोन और लोंगलेन्ग जिलों का सड़क संपर्क अभी भी बाधित है।
वायुसेना भी चला रही अभियान
राज्य सरकार के अनुरोध पर भारतीय वायुसेना राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है। वायुसेना अब तक विभिन्न इलाकों से 300 से अधिक फंसे हुए लोगों को निकाल चुकी है। इसके अलावा, राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर भी सड़क संपर्क से कटे दूरदराज के इलाकों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और लोगों को निकालने के काम में लगे हुए हैं।
इनपुट: IANS



