इटली में 300 स्कूलों को बम की धमकी, ईमेल से फैली दहशत, खाली कराए गए परिसर
इटली में बुधवार को एक ईमेल ने राष्ट्रव्यापी सनसनी फैला दी, जिसमें सैकड़ों स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद रोम, मिलान और फ्लोरेंस जैसे बड़े शहरों समेत देश भर के करीब 300…
इटली में बुधवार को एक ईमेल ने राष्ट्रव्यापी सनसनी फैला दी, जिसमें सैकड़ों स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद रोम, मिलान और फ्लोरेंस जैसे बड़े शहरों समेत देश भर के करीब 300 स्कूलों को एहतियातन खाली करा लिया गया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस धमकी से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमकी भरा यह ईमेल कई स्कूलों के प्रशासन को सीधे भेजा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन कैबिनेट बैठक भी बुलाई।
पुलिस की जांच और सुरक्षा उपाय
सूचना मिलते ही इटली की पुलिस और सैन्य पुलिस 'काराबिनिएरी' ने बम निरोधक विशेषज्ञों के साथ प्रभावित स्कूलों में तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी। हालांकि, किसी भी स्कूल से कोई विस्फोटक या धमकी को सच साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला। फिर भी, सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छात्रों और कर्मचारियों को घर भेज दिया गया। इतालवी शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा ने टीवी चैनल 'ला7' को बताया कि प्रभावित स्कूलों की संख्या 300 है और यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा था?
स्थानीय समाचार पत्र 'ला रिपब्लिका' ने ईमेल की एक प्रति प्रकाशित की, जिसमें भेजने वाले ने खुद को "विलायत मिसोगिनिस्तान का नेता मिखाइल एंड्रोपोव" बताया। ईमेल में लिखा था, "हम तुम्हें खत्म करने आए हैं। हम इटालियनों के खिलाफ नरसंहार करेंगे।" इसमें यह भी दावा किया गया था कि हर स्कूल में एक 'शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण' रखा गया है और शिक्षा मंत्री की कार में भी बम लगाया गया है। पुलिस इस ईमेल के स्रोत और 'विलायत मिसोगिनिस्तान' नामक संगठन की प्रामाणिकता की जांच कर रही है, जिसके बारे में सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
प्रभावित क्षेत्र और प्रतिक्रियाएं
सरकारी समाचार चैनल 'राई न्यूज 24' के अनुसार, यह धमकी देशव्यापी थी। रोम प्रांत में कम से कम 12 स्कूलों को ईमेल मिला, जिनमें प्राइमरी और नर्सरी स्कूल भी शामिल थे। इसी तरह मिलान, नेपल्स, ट्यूरिन, बारी और पालेर्मो जैसे कई अन्य शहरों के स्कूलों को भी निशाना बनाया गया। लाजियो क्षेत्र के स्कूल प्रमुखों के संघ की अध्यक्ष क्रिस्टीना कोस्टारेली ने इसे किसी सनकी व्यक्ति की हरकत की आशंका जताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि यह किसी भ्रमग्रस्त व्यक्ति का काम है, लेकिन इसने लोगों में डर पैदा कर दिया है और बेवजह घबराहट का माहौल बना दिया है।"
इनपुट: IANS



