पाकिस्तान: पंजाब में ब्रेक फेल होने से बस पलटी, चालक की मौत और 47 घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक बस के ब्रेक फेल हो जाने से हुई दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई और नौ स्कूली बच्चों समेत 47 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह…
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक बस के ब्रेक फेल हो जाने से हुई दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई और नौ स्कूली बच्चों समेत 47 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार को मरी के शावाला इलाके के पास हुआ, जब बस एक खंभे से टकराकर पलट गई।
स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया गया है कि यह बस गुजरांवाला जा रही थी। हालांकि, मरी पुलिस का कहना है कि बस मियारी की ओर जा रही थी, जब रास्ते में वह सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गई और पलट गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही रेस्क्यू 1122, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
राहत और बचाव कार्य
आपातकालीन दलों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में बचाव दलों के अलावा स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से भी मदद की।
पंजाब में हादसों का बढ़ता ग्राफ
यह घटना प्रांत में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती चिंताजनक प्रवृत्ति को दर्शाती है। इससे पहले 5 नवंबर को भी पंजाब के पाकपट्टन में एक यात्री बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई थी और 33 अन्य घायल हो गए थे। उस हादसे के बाद बचाव अभियान करीब तीन घंटे तक चला था।
आंकड़े बताते हैं कि अकेले अक्टूबर महीने में पंजाब प्रांत में 44,797 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 464 लोगों की मौत हो गई और 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। रेस्क्यू 1122 की मासिक समीक्षा बैठक में सामने आए इन आंकड़ों के मुताबिक, इन हादसों में लगभग तीन-चौथाई मामले मोटरसाइकिलों से जुड़े थे। सड़क दुर्घटनाओं के मामले में लाहौर 7,874 हादसों के साथ सबसे ऊपर रहा।
इनपुट: IANS



