PM मोदी की फेसबुक पोस्ट पर रोक: Meta ने IT मंत्री अश्विनी वैष्णव से माफी मांगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी रूप से रोक लगाने की घटना पर सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने भारत सरकार से माफी मांगी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी रूप से रोक लगाने की घटना पर सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने भारत सरकार से माफी मांगी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर इस गलती के लिए व्यक्तिगत रूप से खेद जताया।
यह घटनाक्रम बुधवार को हुआ जब मेटा के वैश्विक मामलों के मुख्य अधिकारी जोएल कैपलन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म के संचालन में हुई कुछ कमियों और गलतियों को स्वीकार किया। कैपलन ने एक बयान में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट पर लगी रोक हमारी गलती थी और इसके लिए मैंने मेटा की ओर से मंत्री से माफी मांगी है।"
सरकार की सख्त चेतावनी
सरकारी सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि मेटा के अधिकारियों को सरकार ने स्पष्ट शब्दों में अपनी चिंताएं बताईं। अधिकारियों ने मेटा को चेताया कि अगर कोई प्लेटफॉर्म यह तय करने लगे कि कौन सी सामग्री किस यूजर तक पहुंचेगी, तो उसे भारतीय कानून के तहत पूरी तरह से एक तटस्थ मध्यस्थ (neutral intermediary) नहीं माना जा सकता।
ऐसी स्थिति में, प्लेटफॉर्म को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मिलने वाला 'सेफ हार्बर' यानी कानूनी संरक्षण का लाभ नहीं मिल सकता है। इसका मतलब है कि प्लेटफॉर्म अपने यूजर्स द्वारा पोस्ट की गई सामग्री के लिए कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
ज़करबर्ग ने भी जताया खेद
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग ने भी कंपनी के प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक सामग्री और संचालन संबंधी खामियों को लेकर खेद व्यक्त किया था। उन्होंने सरकार द्वारा उठाई गई चिंताओं को स्वीकार करते हुए गलतियों पर अफसोस जताया था। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब भारत में मेटा के कामकाज और उसकी कंटेंट मॉडरेशन नीतियों को लेकर गहन बहस चल रही है।
इनपुट: IANS



