दक्षिण कोरिया: प्रमुख कॉफ़ी चेन Hollys पर बड़ा साइबर हमला, 27.6 लाख ग्राहकों का डेटा लीक
दक्षिण कोरिया की प्रमुख कॉफ़ी चेन हॉलीज (Hollys) एक बड़े साइबर हमले का शिकार हुई है, जिसमें उसके 27.6 लाख ग्राहकों की निजी जानकारी हैकर्स के हाथ लग गई है। यह घटना दक्षिण कोरिया में हाल के महीनों में…
दक्षिण कोरिया की प्रमुख कॉफ़ी चेन हॉलीज (Hollys) एक बड़े साइबर हमले का शिकार हुई है, जिसमें उसके 27.6 लाख ग्राहकों की निजी जानकारी हैकर्स के हाथ लग गई है। यह घटना दक्षिण कोरिया में हाल के महीनों में कंपनियों पर हो रहे सिलसिलेवार साइबर हमलों की नई कड़ी है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने सोमवार को इस डेटा लीक की पुष्टि की। कंपनी की वेबसाइट पर जारी एक नोटिस में बताया गया कि हैकरों ने 3 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच अनधिकृत तरीके से उसके सिस्टम में सेंध लगाई। लीक हुई जानकारी में ग्राहकों के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पते और ईमेल आईडी जैसी व्यक्तिगत सूचनाएं शामिल हैं।
जांच जारी, अस्थायी फाइलों से हुई चोरी
हॉलीज ने अपनी सफाई में कहा है कि यह डेटा उसके मौजूदा ग्राहक डेटाबेस से नहीं, बल्कि सदस्यता कार्यक्रम में हुए एक पुराने बदलाव के दौरान इस्तेमाल की गई अस्थायी फाइलों से चुराया गया है। कंपनी ने कहा, "इस घटना से ग्राहकों को हुई चिंता के लिए हम ईमानदारी से माफी मांगते हैं। हम डेटा सुरक्षा और इससे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।" फिलहाल, मामले की पूरी सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
वित्तीय संस्थानों पर भी साइबर हमलों का साया
यह साइबर सुरक्षा घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब इसी महीने दक्षिण कोरिया के कई वित्तीय संस्थान भी डेटा लीक की घटनाओं से जूझ रहे हैं। वित्तीय नियामकों के अनुसार, शुक्रवार तक 16 वित्तीय संस्थानों में व्यक्तिगत जानकारी लीक होने के लगभग एक लाख मामले सामने आने की आशंका थी। इनमें केबी कूकमिन बैंक और शिनहान बैंक जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। हालांकि, वित्तीय सेवा आयोग (FSC) ने स्पष्ट किया है कि बैंक खाता संख्या या क्रेडिट कार्ड नंबर जैसी अत्यधिक संवेदनशील वित्तीय जानकारी लीक नहीं हुई है।
दक्षिण कोरिया में हॉलीज के करीब 530 आउटलेट हैं और इसका स्वामित्व केजी ग्रुप के पास है, जो इस्पात, ऑटोमोबाइल और लॉजिस्टिक्स जैसे कई क्षेत्रों में कारोबार करता है।
इनपुट: IANS



