मुंबई: खाद्य सुरक्षा में गंभीर खामियों के चलते ईटक्लब के गोरेगांव आउटलेट का लाइसेंस सस्पेंड
मुंबई के गोरेगांव स्थित एक लोकप्रिय फूड आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ईटक्लब ब्रांड्स के इस आउटलेट का…
मुंबई के गोरेगांव स्थित एक लोकप्रिय फूड आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के चलते बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ईटक्लब ब्रांड्स के इस आउटलेट का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह निलंबन 2 सितंबर से लागू हो गया है और इसका कारण परिसर में स्वच्छता, संचालन और सुरक्षा मानकों में कई खामियों का पाया जाना है।
यह कार्रवाई गोरेगांव पूर्व के रॉयल पाम्स, आरे मिल्क कॉलोनी में स्थित प्रतिष्ठान पर केंद्रित है। ईटक्लब के तहत बॉक्स8 और मोजो पिज्जा जैसे कई जाने-माने फूड ब्रांड आते हैं। हालांकि, FDA ने स्पष्ट किया है कि यह निलंबन केवल इसी एक आउटलेट पर लागू है और कंपनी के अन्य प्रतिष्ठान इससे प्रभावित नहीं होंगे।
निरीक्षण में मिलीं ये गंभीर खामियां
FDA द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान टीम को कई चौंकाने वाली बातें मिलीं। आउटलेट में खाद्य सामग्री, पैकेजिंग और रसायनों के लिए सही भंडारण व्यवस्था नहीं थी। परिसर में साफ-सफाई की भारी कमी, हाथ धोने की अधूरी सुविधा और रोशनी व वेंटिलेशन का अभाव भी पाया गया। कीट नियंत्रण व्यवस्था भी लचर थी, जिससे पीछे के दरवाजे से कीटों और चूहों के आने का खतरा बना हुआ था।
कर्मचारियों और प्रक्रिया में भी मिलीं कमियां
जांच में यह भी सामने आया कि खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की सुरक्षा जांच और सफाई ठीक से नहीं हो रही थी। इसके अलावा, खाना बनाने वाले कर्मचारियों के पास एप्रन, दस्ताने और हेडगियर जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण तक नहीं थे। कर्मचारियों के प्रशिक्षण और मेडिकल जांच के रिकॉर्ड भी अधूरे मिले। FDA ने यह भी पाया कि ग्राहकों की शिकायतों के निपटारे का कोई उचित सिस्टम मौजूद नहीं था और निरीक्षण के समय जरूरी तकनीकी स्टाफ भी गायब था।
लाइसेंस के बिना बेचे जा रहे थे उत्पाद
एक और बड़े उल्लंघन में यह बात सामने आई कि आउटलेट में आइसक्रीम और कार्बोनेटेड पेय पदार्थ बेचे जा रहे थे, जबकि इन उत्पादों को बेचने की अनुमति उनके खाद्य लाइसेंस में नहीं थी। इन्हीं सब कारणों और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए FDA ने लाइसेंस निलंबित करने का फैसला किया।
इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में, FDA ने कुर्ला पश्चिम के जरीमारी स्थित "रानी डाइट्स कंसल्टेंट एंड सर्विस प्रोवाइडर्स" का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है, जहां परिसर में चूहों का प्रकोप और अत्यधिक गंदगी पाई गई थी।
इनपुट: IANS



