जम्मू: 7 साल से फ़रार और पुलिस हिरासत से भागे बलात्कार आरोपी को आख़िरकार दबोचा गया
जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो न सिर्फ सात साल से फ़रार था, बल्कि 2019 में पुलिस हिरासत से भी भाग निकला था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यक्ति पर एक…
जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो न सिर्फ सात साल से फ़रार था, बल्कि 2019 में पुलिस हिरासत से भी भाग निकला था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यक्ति पर एक महिला के अपहरण और बलात्कार का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान रियासी ज़िले के निवासी तौसीफ अहमद के रूप में हुई है। उसे पकड़ने के लिए जम्मू क्षेत्र में एक लंबा तलाशी अभियान चलाया गया था। लगातार निगरानी और विस्तृत जांच के बाद पुलिस टीम को उसके ठिकाने का पता चला, जिसके बाद उसे जम्मू में गिरफ़्तार कर लिया गया।
पहचान छिपाकर दे रहा था चकमा
हिरासत से भागने के बाद तौसीफ अहमद अपनी असल पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह गिरफ़्तारी से बचने के लिए 'मोहम्मद साहिल' नाम से बनाए गए एक फ़र्ज़ी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर रहा था। अधिकारियों का कहना है कि लंबी जांच के बाद मिली महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
श्रीनगर जेल से भागे दो अन्य कैदियों की तलाश जारी
इस बीच, पुलिस श्रीनगर सेंट्रल जेल से भागे दो अन्य कैदियों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है। ये दोनों कैदी 23 अगस्त को जेल से फ़रार हुए थे और उन पर नाबालिगों से जुड़े यौन अपराधों के आरोप हैं।
इनमें से एक की पहचान अनंतनाग निवासी मुख्तार अहमद गुज्जर के रूप में हुई है, जिसके ख़िलाफ़ सौरा पुलिस स्टेशन में पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। दूसरा फ़रार कैदी फरमान खान है, जो लार पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में वांछित है। उस पर भी पॉक्सो अधिनियम और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत आरोप हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों फ़रार आरोपियों के ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी किया है और लोगों से उनके बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन या 112 नंबर पर संपर्क करने की अपील की है।
इनपुट: IANS



