भारत में रिटेल लोन की मांग में उछाल, गोल्ड और कंज्यूमर लोन बने ग्रोथ के मुख्य इंजन
भारत के रिटेल क्रेडिट बाजार में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें सबसे ज्यादा तेजी गोल्ड लोन, सुरक्षित कारोबारी कर्ज और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन की मांग में देखने को मिली है। समाचार एजेंसी IANS की एक…
भारत के रिटेल क्रेडिट बाजार में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें सबसे ज्यादा तेजी गोल्ड लोन, सुरक्षित कारोबारी कर्ज और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन की मांग में देखने को मिली है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सितंबर में देश का कुल रिटेल क्रेडिट पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 18.8 प्रतिशत बढ़कर 185.2 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह आंकड़ा अर्थव्यवस्था में उपभोक्ता खर्च और व्यावसायिक गतिविधियों में हो रही बढ़ोतरी का संकेत देता है।
हालांकि, कुल रिटेल लोन में सबसे बड़ी हिस्सेदारी अब भी होम लोन की बनी हुई है। 46.4 लाख करोड़ रुपये के पोर्टफोलियो के साथ, होम लोन कुल क्रेडिट का 25.1 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं, जो इसे सबसे बड़ा एसेट क्लास बनाता है।
गोल्ड लोन ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार
रिपोर्ट के मुताबिक, वृद्धि दर के मामले में गोल्ड लोन सबसे आगे रहे। सितंबर 2026 तक गोल्ड लोन का पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 60.6 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 23.3 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह, सुरक्षित कारोबारी कर्जों (सिक्योर्ड बिजनेस लोन) में भी 45.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 19.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन का बाजार भी 44.5 प्रतिशत बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये का हो गया।
क्रेडिट की मांग के बदलते पैटर्न पर गौर करें तो अब कुल पोर्टफोलियो में सुरक्षित कारोबारी कर्ज की हिस्सेदारी 1.9 प्रतिशत अंक बढ़कर 10.6 प्रतिशत हो गई है। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के आंकड़ों से पता चलता है कि प्रॉपर्टी के बदले लोन, बिजनेस लोन और कमर्शियल वाहन लोन जैसे सोल-प्रोपराइटर लोन की कुल रिटेल क्रेडिट में करीब 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।
कर्ज की औसत राशि बढ़ी
एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में गोल्ड लोन वितरण का कुल मूल्य तो सालाना 27.2 प्रतिशत बढ़कर 8.15 लाख करोड़ रुपये हो गया, लेकिन बांटे गए कर्जों की संख्या में 4.1 प्रतिशत की गिरावट आई। इसका मतलब है कि लोग अब पहले से ज्यादा बड़ी रकम के गोल्ड लोन ले रहे हैं। गोल्ड लोन का औसत टिकट साइज 32.7 प्रतिशत बढ़कर 2.21 लाख रुपये हो गया। इस सेगमेंट में दक्षिणी राज्यों की 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी बनी हुई है।
रिपोर्ट यह भी बताती है कि छोटे शहरों और ग्रामीण बाजारों में क्रेडिट की पहुंच गहरी हो रही है, खासकर दोपहिया वाहन, कंज्यूमर ड्यूरेबल और गोल्ड लोन के क्षेत्रों में। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान होम लोन, पर्सनल लोन, ऑटो लोन और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के लिए महत्वपूर्ण विकास बाजार के रूप में उभरे हैं।
इनपुट: IANS



