भारत-चीन सीमा विवाद: राजनैतिक समाधान के लिए बातचीत जारी रखने पर दोनों देशों की सहमति
भारत और चीन ने सीमा विवाद के राजनैतिक समाधान की दिशा में अपना काम जारी रखने पर सहमति व्यक्त की है। यह निर्णय बीजिंग में आयोजित भारत-चीन सीमा प्रश्न पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं वार्ता के दौरान लिया…
भारत और चीन ने सीमा विवाद के राजनैतिक समाधान की दिशा में अपना काम जारी रखने पर सहमति व्यक्त की है। यह निर्णय बीजिंग में आयोजित भारत-चीन सीमा प्रश्न पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं वार्ता के दौरान लिया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस बैठक में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी शामिल हुए।
बैठक के दौरान, अजीत डोभाल ने द्विपक्षीय संबंधों की निरंतर प्रगति के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। दोनों प्रतिनिधियों ने अपने नेताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग, के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमतियों को लागू करने में हुई प्रगति पर भी गौर किया। ये सहमतियां अक्टूबर 2024 में कजान और अगस्त 2025 में तियानजिन में हुई मुलाकातों के दौरान बनी थीं।
बातचीत के मुख्य बिंदु
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, दोनों विशेष प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के रणनीतिक मार्गदर्शन में सीमा मुद्दे पर स्पष्ट और गहन विचारों का आदान-प्रदान किया। वे इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देशों के समग्र और दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखते हुए एक राजनीतिक समाधान की तलाश जारी रखी जाएगी।
वार्ता में लोगों के बीच संपर्क और सीमा पार आदान-प्रदान के फिर से शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया गया। इस बातचीत में कैलाश मानसरोवर यात्रा और तीन निर्धारित व्यापारिक दर्रों के माध्यम से सीमा व्यापार जैसे मुद्दे भी शामिल थे। बैठक में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के आपसी हित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
चीन का दृष्टिकोण
चीनी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चीन और भारत महत्वपूर्ण पड़ोसी और प्रमुख विकासशील देश हैं। चीन के विशेष प्रतिनिधि वांग यी ने कहा, "चीन-भारत संबंधों का स्वस्थ और स्थिर विकास दोनों देशों के लोगों के मौलिक हित में है।" उन्होंने कहा कि चीन, भारत के साथ मिलकर आपसी समझ बढ़ाने, मतभेदों को दूर करने और एक-दूसरे के अच्छे पड़ोसी व मित्र बनने के लिए तैयार है, ताकि "ड्रैगन और हाथी के बीच सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व" हासिल किया जा सके।
एनएसए अजीत डोभाल, वांग यी के निमंत्रण पर बीजिंग के दो दिवसीय दौरे पर थे, जिस दौरान उन्होंने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात की।
इनपुट: IANS



