अहमदाबाद नगर निगम का 'मिशन 50 लाख पेड़' पूरा, गिनीज रिकॉर्ड वाले स्थल पर सीएम ने भी लगाए पौधे
अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने अपने महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान के तहत 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस उपलब्धि के अवसर पर गुरुवार को आयोजि…
अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने अपने महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान के तहत 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस उपलब्धि के अवसर पर गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हिस्सा लिया और पौधरोपण किया।
यह कार्यक्रम शहर के भदाज इलाके में हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' के तहत पौधे लगाए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, अहमदाबाद के मेयर हितेश बरोट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने नागरिकों से संवाद भी किया।
गिनीज रिकॉर्ड और त्रिफला वन
भदाज का यह वृक्षारोपण स्थल अपने आप में खास है। इसी जगह ने एक घंटे में सबसे बड़े मियावाकी पौधारोपण का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। जुलाई में यहां एक घंटे के भीतर 3,61,617 पौधे लगाए गए थे। AMC अधिकारियों ने बताया कि इस स्थल के लिए कुल 85,000 वर्ग मीटर जमीन आवंटित है, जिसमें से 66,600 वर्ग मीटर में 38 से अधिक प्रजातियों के एक लाख से ज्यादा पेड़ अब तक लगाए जा चुके हैं। यहां एक 'त्रिफला वन' विकसित करने की भी योजना है।
2019 में शुरू हुआ था अभियान
AMC ने 2019 में 'मिशन मिलियन ट्रीज' के नाम से यह पहल शुरू की थी। शहर के हरित आवरण को बढ़ाने के लिए समय के साथ इस अभियान का लक्ष्य बढ़ाया जाता रहा। इस वर्ष के लिए 50 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे नगर निगम ने सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस व्यापक अभियान में सरकारी अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स, गैर-सरकारी संगठनों और आम नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इनपुट: IANS



