दिल्ली: चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत, चार्जशीट जल्द
दिल्ली में एक चलती स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में जांच आगे बढ़ रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस को इस केस में महत्वपूर्ण फोरेंसिक सबू…
दिल्ली में एक चलती स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में जांच आगे बढ़ रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस को इस केस में महत्वपूर्ण फोरेंसिक सबूत हाथ लगे हैं, जिससे आरोपियों के खिलाफ मामला और मजबूत हो गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
यह घटना 4 अगस्त की रात की है, जब पीड़िता ने ग्रेटर नोएडा के परी चौक इलाके से लिफ्ट ली थी। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और जब उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया था।
सबूतों से आरोपियों पर कसता शिकंजा
पुलिस के लिए सबसे बड़ी कामयाबी फोरेंसिक जांच में मिली है। बस के अंदर से पीड़िता के साथ-साथ दोनों आरोपियों, ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के फिंगरप्रिंट यानी उंगलियों के निशान मिले हैं। IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, जांच अधिकारियों ने बस की सीटों और स्टीयरिंग व्हील से भी सैंपल इकट्ठा किए हैं। फिलहाल, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो इस केस में एक निर्णायक सबूत साबित हो सकती है।
पुलिस ने आरोपियों के कपड़े भी जब्त कर लिए हैं ताकि उनकी फोरेंसिक जांच की जा सके। इसके अलावा, जिस रास्ते से बस गुज़री थी, वहां के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए गए हैं ताकि पूरी घटना के क्रम को समझा जा सके और बस की आवाजाही को सत्यापित किया जा सके।
कब और कैसे हुई थी गिरफ्तारी
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने 31 अगस्त को दोनों आरोपियों को तिमारपुर के एक पार्किंग एरिया से गिरफ्तार कर लिया था। बस को भी ज़ब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया था।
इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए दिल्ली और गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के पुलिस कमिश्नरों के साथ-साथ मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस घटना पर दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
इनपुट: IANS



