सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट

सोमवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, विभाग ने राजधानी दिल्ली के सभी 11…

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट
(फोटो: IANS)

सोमवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, विभाग ने राजधानी दिल्ली के सभी 11 जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की आशंका जताई है।

विज्ञापन

मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। चेतावनी के मुताबिक, दिल्ली में लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली कड़कने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटा से अधिक की तीव्रता वाली भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

दिल्ली के कौन से इलाके हैं प्रभावित?

यह रेड अलर्ट दिल्ली के सभी हिस्सों के लिए है, जिसमें सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट

दिल्ली के अलावा, IMD ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और सोनीपत में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यहां गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जिसकी तीव्रता 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।

इसी तरह का ऑरेंज अलर्ट उत्तर प्रदेश के अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और संभल जिलों के लिए भी है, जहां तेज हवा और गरज के साथ बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने दी ये सावधानियां

खराब मौसम की आशंका को देखते हुए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जारी की गई सलाह में कहा गया है कि लोग पेड़ों या किसी कमजोर ढांचे के नीचे शरण लेने से बचें। साथ ही, जलभराव की आशंका वाले इलाकों से दूर रहें और यात्रा करने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जांच कर लें। लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →