महिलाओं की सुरक्षा के लिए गुजरात पुलिस का 'मिशन साइबर रक्षिका', एक महीने में 11 पर शिकंजा
अहमदाबाद में साइबर क्राइम ब्रांच ने महिलाओं और बच्चों को ऑनलाइन अपराधों से बचाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। 'मिशन साइबर रक्षिका' नाम के इस अभियान के तहत पिछले एक महीने में 9 अलग-अलग एफआईआर दर्ज…
अहमदाबाद में साइबर क्राइम ब्रांच ने महिलाओं और बच्चों को ऑनलाइन अपराधों से बचाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। 'मिशन साइबर रक्षिका' नाम के इस अभियान के तहत पिछले एक महीने में 9 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन मामलों में एक महिला समेत कुल 11 लोगों पर कार्रवाई हुई है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) डॉ. लवीना सिन्हा ने बताया कि इस अभियान का मकसद महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शिकायतों का तुरंत पंजीकरण करना और उनकी पहचान गोपनीय रखना है। उन्होंने कहा, "इस अभियान के तहत हमने पिछले महीने नौ एफआईआर दर्ज की हैं और एक महिला सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है।" गिरफ्तार किए गए आरोपी गुजरात के अलावा राजस्थान और मुंबई से हैं, जबकि ज्यादातर पीड़ित महिलाएं अहमदाबाद की रहने वाली हैं।
गरबा वीडियो से लेकर फर्जी प्रोफाइल तक
पुलिस के मुताबिक, ये मामले सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल से जुड़े हैं, जिनमें तस्वीरों और वीडियो से छेड़छाड़ कर उन्हें फर्जी अकाउंट्स से फैलाना शामिल है। इसका मकसद या तो सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाना होता है या फिर निजी विवादों के बाद महिलाओं को परेशान करना।
एक बेहद चौंकाने वाले मामले में, तीन स्कूली नाबालिगों ने नवरात्रि के दौरान एक महिला के गरबा वीडियो को एडिट कर उसमें अश्लील सामग्री जोड़ दी। फिर उन्होंने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इसे एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने बताया कि इन नाबालिगों ने अपने माता-पिता के मोबाइल नंबर से ये अकाउंट बनाए थे। इस घटना से महिला को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और उसकी बदनामी हुई।
प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने और ब्लैकमेलिंग के मामले
साइबर क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज की गई शिकायतों में साइबरस्टॉकिंग, प्रतिरूपण, धमकी देकर वसूली और अश्लील सामग्री फैलाने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। एक अन्य मामले में, एक आरोपी ने एक महिला की तस्वीर का इस्तेमाल करके फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और प्रेम संबंध टूटने के बाद उसका एक अश्लील वीडियो उसकी बहन को भेज दिया। इसी तरह, एक अन्य शिकायत में एक महिला की तस्वीर का दुरुपयोग कर उसके पति के दोस्तों को गलत संदेश भेजे गए, ताकि उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाया जा सके।
इनपुट: IANS



