भारत-भूटान संबंध: जयशंकर ने 54 इलेक्ट्रिक वाहन सौंपे, कई परियोजनाओं का भी हुआ उद्घाटन
भारत और भूटान के बीच सहयोग को और मज़बूत करते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपनी भूटान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात की। गुरुवार को थिंपू में हुई इस बैठक में उन्होंने भारत में…
भारत और भूटान के बीच सहयोग को और मज़बूत करते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपनी भूटान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात की। गुरुवार को थिंपू में हुई इस बैठक में उन्होंने भारत में बने 54 इलेक्ट्रिक वाहन (EVs) भूटान को सौंपे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य भूटान में ई-मोबिलिटी और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देना है।
विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और भूटान की प्रगति व खुशहाली के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। अपनी इस मुलाकात के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा, “थिंपू में भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे से मिलकर खुशी हुई... दोस्ती और सहयोग के हमारे खास रिश्तों के लिए उनकी भावनाओं की मैं बहुत कद्र करता हूं।”
सहयोग की अन्य पहल
इस यात्रा के दौरान जयशंकर ने कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भी हिस्सा लिया। उन्होंने अपने भूटानी समकक्ष लियोनपो डी. एन. धुंग्येल के साथ बुमथांग में नेशनल कैटल ब्रीडिंग सेंटर का दौरा किया। वहां उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और स्थानीय किसानों की आय में सुधार के उद्देश्य से डेयरी कैटल ब्रीडिंग कार्यक्रम के लिए 43 प्योरलाइन जर्सी गायें भी सौंपीं।
इसके अतिरिक्त, दोनों मंत्रियों ने मोंगर में 65 बिस्तरों वाले 'ग्यालत्सुएन जेटसुन पेमा मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल' का भी उद्घाटन किया। जयशंकर ने कहा कि यह अस्पताल पूर्वी भूटान में मां और बच्चे की देखभाल के लिए उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करेगा।
ऊर्जा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग
भारत और भूटान के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऊर्जा सहयोग को एक नया आयाम देते हुए, जयशंकर और धुंग्येल ने गासा में 500 किलोवाट के लुनाना हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। उन्होंने इसे एक "गौरवशाली मील का पत्थर" बताया। यह सहयोग 1967 में भूटान के पहले हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट 'जुंगशिना' से शुरू हुआ था।
अपनी यात्रा के दौरान, विदेश मंत्री ने बुधवार को भूटान के पवित्र स्थल कुर्जे लखांग में पूजा-अर्चना भी की और दोनों देशों के संबंधों की बेहतरी के लिए प्रार्थना की। इससे पहले जब वे बुमथांग से थिंपू पहुँचे, तो भूटान के वित्त मंत्री लियोनपो लेकी दोरजी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था।
इनपुट: IANS



